# हरदा

एमपी में मामी की मोहब्बत में भांजे ने मामा को मार डाला, 6 साल से हैं अवैध संबंध

MP News: पोस्टमार्टम में हत्या निकला सड़क हादसा, भांजे ने दोस्तों के साथ मिलकर रची थी साजिश।

2 min read
Nephew Turns Out to Be Uncle Killer Illicit Affair with Aunt for Six Years (demo pic)

MP News: मध्यप्रदेश में एक बार फिर अवैध संबंध के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार मामला हरदा जिले का है जहां एक युवक ने अपनी ही मामी के साथ अवैध संबंध के चलते मामा की हत्या की साजिश रची। आरोपी भांजे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मामा की हत्या की और फिर अपना जुर्म छिपाने के लिए वारदात को सड़क हादसे की शक्ल देने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आरोपियों का जुर्म का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 15 अप्रैल को रन्हाईकला गांव के रहने वाले कन्हैया गाठे ने सूचना दी थी कि उसके पिता विश्राम गाठे का एक्सीडेंट हो गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो विश्राम गाठे अचेत हालत में घटनास्थल पर पड़े थे जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के सिर, आंख और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे जिसके कारण प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसे का लग रहा था लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तो मामला हत्या का निकला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि जो चोटें लगी हैं वो एक्सीडेंट की नहीं हैं।

भांजा निकला कातिल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि मृतक की पत्नी के साथ उसके ही भांजे अजय बिल्लौरे (26) के अवैध संबंध है। इससे भांजे पर पुलिस को शक हुआ और जब भांजे अजय बिल्लौरे को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मामी के साथ उसके करीब 6 साल से अवैध संबंध हैं, कुछ समय पहले मामा विश्राम गाठे को इसकी जानकारी लग गई थी और तभी से मामा रोड़ा बन रहा था। रोजाना वो पत्नी के साथ विवाद किया करता था।

खलिहान के पास पीछा कर मार डाला

आरोपी भांजे अजय बिल्लौरे ने बताया कि उसने मामा विश्राम गाठे की हत्या की साजिश अपने दोस्त सचिन निषोद के साथ मिलकर रची। 14 अप्रैल की रात जब मामा खलिहान के पास से जा रहा था तभी दोनों ने उसका पीछा किया और फिर लोहे के हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भांजे अजय बिल्लौरे और उसके साथी सचिन निषाद को गिरफ्तार कर लिया है।