# गुना

गुना में सिंधिया समर्थक मंत्रियों को ‘नाकारा’ कहना भाजपा विधायक को पड़ सकता है महंगा, संगठन तक पहुंची बात

BJP MLA Panna Lal Sakya: बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कहा- विधायक की ओर से की गई बयानबाजी निंदनीय, पार्टी संगठन को दे दी है रिपोर्ट।

2 min read
mla pannalal shakya remarks on scindia supporter ministers reaches party organization

BJP Internal Conflict: मध्यप्रदेश के गुना से भाजपा विधायक पन्ना लाल शाक्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सिंधिया समर्थक सरकार के दो मंत्रियों को 'नकारा' कहने का मामला पार्टी संगठन तक पहुंच चुका है और संभावना है कि जल्द ही प्रदेश संगठन की ओर से बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई विधायक पन्ना लाल शाक्य पर कर सकता है। बता दें कि बिजली कटौती के मुद्दे पर पन्ना लाल शाक्य ने अपनी ही सरकार के दो मंत्रियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और उन्हें नाकारा तक कह दिया था। पन्ना शाक्य की इस बयानबाजी के बाद कांग्रेस ने भी एक्स पर वीडियो पोस्ट कर चुटकी ली थी।

संगठन तक पहुंची रिपोर्ट

भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा- चाहे मंत्री हो, विधायक हो या कार्यकर्ता पदाधिकारी, सार्वजनिक जगह पर किसी को भी अनुमति नहीं है कि वो किसी के बारे में उल्टी सीधी बयानबाजी करे। हमारी पार्टी अनुशासन के लिए जानी जाती है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अनुशासन का पालन करता है। शनिवार को मैंने भी उनका बयान सोशल मीडिया पर देखा है। वास्तव में बहुत निंदनीय है। पन्नालाल शाक्य हमारे वरिष्ठ विधायक हैं लेकिन उन्होंने प्रभारी मंत्री और ऊर्जा मंत्री के बारे में जो कहा है वास्तव में वह बहुत गलत है। ऐसी बयानबाजी उन्हें नहीं करना चाहिए। मैंने प्रदेश संगठन को अवगत करा दिया है और पूरी जानकारी दे दी है, शीघ्र ही उन पर कार्रवाई होगी।

ऐसे बयान की इजाजत किसी को नहीं- सिकरवार

भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार ने पार्टी के आंतरिक अनुशासन का हवाला देते हुए आगे कहा, यदि हमें कुछ कहना है तो हमारे पास प्लेटफॉर्म हैं। वह पहले जिलाध्यक्ष, जिले के प्रभारी, संभाग प्रभारी से बात करें। यदि कोई बात वहां नहीं बन रही है तो प्रदेशाध्यक्ष से बात करें। पन्ना लाल शाक्य लगातार इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, प्रदेश नेतृत्व ही इस पर निर्णय करेगा।

पन्ना लाल शाक्य ने दो मंत्रियों को कहा था नाकारा

बता दें कि एक दिन पहले शनिवार को गुना में बिजली कटौती की समस्या को लेकर विधायक पन्ना लाल शाक्य स्थानीय लोगों के साथ बिजली दफ्तर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नाराजगी जताते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का नाम लिए बगैर कहा कि 'वो इतने बड़े ज्ञानी हैं कि मंच पर ढोक देने लगते हैं। खंभे पर चढ़ जाते हैं, नाली में उतर जाते हैं। हमें नालियां साफ करने वाला जनसेवक नहीं, जनता के साथ खड़ा होने वाला जनसेवक चाहिए। मैं भोपाल जाकर मुख्यमंत्री से ऐसे नाकारा मंत्री को हटाने के लिए कहूंगा। पन्ना लाल शाक्य यहीं नहीं रुके उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत पर भी बिना नाम लिए तंज कसा। शाक्य ने कहा- 'वे तो महाराजा से बड़े हो रहे हैं। मुझे ही सिंधिया के कार्यक्रम में धक्का देकर पीछे कर दिया था। मुझे चलो हटो कहकर किनारे कर दिया। मैंने भी कह दिया कि तुम ही घुस जाओ। ऐसा प्रभारी मंत्री भी हमें नहीं चाहिए।