# गाज़ियाबाद

दोस्त से पैसे लेने जा रहा था असद, फरार होने की थी प्लानिंग, लेकिन तभी धाएं, धाएं, धाएं, सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

Ghaziabad Police Encounter: सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी और 50 हजार के इनामी असद की गाजियाबाद पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। आरोपी हत्या के बाद से फरार था और इलाके से भागने की तैयारी कर रहा था।

3 min read
सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी की फरार होने की थी प्लानिंग

Asad Encounter: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर पिछले कई दिनों से लोगों में काफी गुस्सा और चर्चा थी। पुलिस भी इस मामले के आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच मामले में बड़ा मोड़ तब आया, जब मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह मर्डर के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक वह इलाके से भागने की फिराक में था, लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे घेर लिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ में असद घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद लगातार बदल रहा था ठिकाना

सूर्या चौहान की हत्या के बाद से ही असद पुलिस की पकड़ से दूर था। जांच एजेंसियां लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इसी बीच सूचना मिली कि वह अपने एक परिचित से मिलने आने वाला है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी।

पैसे लेकर शहर छोड़ने की फिराक में था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि असद अपने एक साथी से कुछ पैसे लेने वाला था। माना जा रहा है कि वह रकम लेकर इलाके से बाहर भागने की तैयारी कर रहा था। इसी सूचना के बाद कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को उम्मीद थी कि आरोपी जल्द ही उनके जाल में फंस जाएगा। अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया ताकि किसी भी हाल में आरोपी बचकर न निकल सके।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

वसुंधरा इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस को बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वे भागने लगे। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान असद ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग के बीच असद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर भाग निकला, जिसकी तलाश अब भी जारी है।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मुठभेड़ के बाद घायल असद को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। अस्पताल में जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना में पुलिस का एक जवान भी घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। मौके से एक अवैध पिस्तौल और बाइक बरामद की गई है।

सूर्या हत्याकांड में पहले ही हो चुकी थीं गिरफ्तारियां

सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान कुल पांच लोगों के नाम सामने आए थे। इनमें से तीन आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके थे, जबकि असद और उसका एक साथी फरार थे। असद को मुख्य आरोपी माना जा रहा था। उसकी मौत के बाद अब पुलिस का पूरा फोकस फरार साथी की गिरफ्तारी पर है, ताकि इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।

28 मई को चाकुओं से गोदकर की गई थी हत्या

28 मई को हुए इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। आरोप है कि असद ने सूर्या को मिलने के बहाने बुलाया था। जैसे ही सूर्या वहां पहुंचा, पहले से मौजूद कई युवकों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उस पर लगातार चाकुओं से हमला किया गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस हत्यकांड के पीछे की वजह 8 महीले पुरानी रंजिश सामने आ रही है।