गाज़ियाबाद, May 31, 2026

सूर्या की मां ने अन्य 6 आरोपियों के भी एनकाउंटर की मांग की, PC- IANS
गाजियाबाद(Surya Mother Statement ) : यूपी के गाजियाबाद में बकरीद के दिन 17 साल के सूर्या चौहान की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने असद पर 50 हजार रुपए का इनाम रखा था। रविवार तड़के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड में हुए इस एनकाउंटर में असद ढेर हो गया। खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
असद के एनकाउंटर के बाद मीडियाकर्मियों ने सूर्या की मां से बात की तो उन्होंने कहा कि अभी मुझे पूरा इंसाफ नहीं मिला है। अभी 6 आरोपी और बचे हुए हैं। उन सभी का एनकाउंटर हो तभी सूर्या की आत्मा को शांति मिलेगी। असद जैसे अपराधी का एनकाउंटर होना ही था नहीं तो वह आगे चलकर आतंकवादी बनता, पता नहीं कितनी माताओं की कोख उजाड़ देता। सूर्या की मां ने सीएम योगी से अपील की है कि अन्य 6 आरोपियों का भी एनकाउंटर हो। सूर्या की मां ने कहा, 'एनकाउंटर मैंने मांगा था। खून के बदले हमने मांगा था और हमें एनकाउंटर मिला है। हमें 6 के एनकाउंटर चाहिए और सभी के घरों पर बुलडोज़र चलना चाहिए...'
असद एक समय सूर्या चौहान का पड़ोसी था। दोनों बचपन से जिगरी दोस्त थे और एक साथ घूमते-फिरते दिखते थे। नवनीत विहार गली नंबर एक और दो में हिंदू-मुस्लिम परिवार साथ-साथ रहते हैं। असद का परिवार पहले सूर्या के घर वाली गली में ही रहता था। करीब छह महीने पहले उन्होंने अपना घर बेच दिया और दूसरी गली में चले गए। इसके बाद भी असद अक्सर पुरानी गली में घूमता रहता था।
करीब 8 महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। इलाके के लोगों ने समझा-बुझाकर दोनों को शांत किया था। समझौते के बाद भी दोनों के बीच मेलजोल बना रहा, लेकिन छोटी-छोटी झड़पें होती रहती थीं।
आरोप है कि बकरीद के दिन असद अपने चार दोस्तों और पिता के साथ पुराने घर के पास पहले से साजिश रचकर आया था। सूर्या के साथ घूम रहे आयुष और विक्की के अनुसार, असद ने सूर्या को फोन करके बुलाया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच के मुताबिक असद ने सूर्या को फोन पर बुलाते हुए कहा था। क्या कभी बकरा कटते देखा है? आओ दिखाता हूं। जब सूर्या ने इनकार किया तो बहस शुरू हो गई। असद ने चाकू निकालकर सूर्या के पेट में लगातार कई वार कर दिए। घायल सूर्या जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन अत्यधिक खून बहने से सड़क पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे नोएडा के अस्पताल ले जाया, जहां उसकी मौत हो गई।
सूर्या की मां सरोज ने बेटे की हत्या के बाद आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की थी। परिवार का कहना था कि सूर्या ही उनका सबसे बड़ा सहारा था। घर में दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें बड़ा बेटा दिव्यांग है। सूर्या परिवार की सबसे बड़ी उम्मीद था।
हत्या के बाद परिवार इतना सदमे में था कि शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील की थी। बाद में पुलिस के समझाने पर शव सौंपा गया। हत्या के बाद सूर्या के घर के बाहर मांस भरी थैली फेंक दी गई थी, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बना दिया। पुलिस अब असद के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पूरे मामले की जांच तेजी से चल रही है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
संबंधित विषय:
Published on: 31 May 2026 12:21 pm



कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।