# दुर्ग

CM साय दुर्ग को देंगे करोड़ों की सौगात! 259 करोड़ के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, नई परियोजनाओं पर भी लगेगी मुहर

Vishnu Deo Sai Durg Visit: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 31 मई को दुर्ग दौरे पर 259 करोड़ रुपये के 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान अधोसंरचना, सड़क, स्वच्छता और खेल सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।

3 min read
Vishnu Deo Sai Durg Visit(photo-patrika)

Vishnu Deo Sai Durg Visit: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार 31 मई को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शहर और आसपास के क्षेत्रों के विकास से जुड़े 259 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 191 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रहेगी। मुख्यमंत्री का यह दौरा दुर्ग शहर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए अधोसंरचना, स्वच्छता, यातायात और खेल सुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स को गति मिलने की उम्मीद है।

Vishnu Deo Sai Durg Visit: 248 करोड़ के 66 विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन

मुख्यमंत्री साय अपने दौरे के दौरान करीब 248 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले 66 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं में 77 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी के तहत कम्पोस्ट प्लांट निर्माण, इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग, नालंदा परिसर विकास, विभिन्न वार्डों में सीसी रोड, आरसीसी नाली, पुलिया और डामरीकरण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, केनाल रोड विकास, सिकोला नाला सुधार, जलागार निर्माण और पेयजल पाइपलाइन विस्तार जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी शुरुआत होगी।

11.32 करोड़ के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण

मुख्यमंत्री करीब 11.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 25 विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें मॉडल स्ट्रीट फूड हब, विभिन्न वार्डों में सड़क और पेवर ब्लॉक निर्माण, मेनोनाइट चौक से चौपाटी तक सड़क चौड़ीकरण तथा गंजपारा चौक से शिवनाथ नदी तक सड़क उन्नयन कार्य प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और नागरिक सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

नई नगर निगम बिल्डिंग के लिए 20 करोड़ की मांग

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दुर्ग की महापौर अलका बाघमार शहर विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों का ज्ञापन भी सौंपेंगी। नगर निगम की नई प्रशासनिक बिल्डिंग के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। वर्तमान में निगम के कई विभाग अलग-अलग भवनों से संचालित हो रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में कठिनाई होती है। लंबे समय से सभी विभागों को एक ही परिसर में लाने के लिए आधुनिक निगम भवन की मांग की जा रही है। सिंचाई विभाग द्वारा भूमि के लिए एनओसी जारी किए जाने के बाद अब इस परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भी मांग

महापौर और एमआईसी सदस्यों की बैठक में शहर के लिए एक हजार दर्शक क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। इसके लिए 20 करोड़ रुपये की मांग की जाएगी। इसके अलावा आदित्य नगर चौक के पास लगभग पांच एकड़ भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। इससे शहर के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

सियान सदन, बैडमिंटन कोर्ट और जलभराव समाधान पर फोकस

ज्ञापन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पांच नए सियान सदनों के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सुविधा सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगी। वार्ड-60 में अधूरे बैडमिंटन कोर्ट को पूरा करने, इंदिरा मार्केट के उन्नयन, जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 5 करोड़ रुपये तथा सभी 60 वार्डों में अधोसंरचना विकास के लिए 20 करोड़ रुपये की मांग भी की जाएगी।

नालियों और पाइपलाइन को अलग करने की योजना

शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों और पाइपलाइन सिस्टम को अलग-अलग विकसित करने की योजना पर भी वित्तीय स्वीकृति मांगी जाएगी। माना जा रहा है कि इस योजना से बरसात के दौरान जलभराव और सीवेज से जुड़ी समस्याओं में काफी कमी आएगी।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कार्यक्रम स्थल जेआरडी शासकीय स्कूल मैदान का निरीक्षण किया है। सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस दौरे को दुर्ग शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यदि प्रस्तावित मांगों को मंजूरी मिलती है तो आने वाले समय में शहर को नई नगर निगम बिल्डिंग, ऑडिटोरियम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य बुनियादी सुविधाओं की बड़ी सौगात मिल सकती है।