# धमतरी

Dhamtari Road Accident: धमतरी में पुलिसकर्मियों की बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर, हेड कांस्टेबल की मौत

Dhamtari Road Accident: धमतरी में बुधवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे में रात्रि गश्त पर निकले प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हैं।

2 min read
धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा (photo source- Patrika)

Dhamtari Road Accident: धमतरी में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर दिया। रात्रि गश्त पर निकले कोतवाली थाना के प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे की बाइक को तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद पिकअप वाहन बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

Dhamtari Road Accident: रात्रि गश्त के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3:30 बजे प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे अपनी नियमित सरकारी ड्यूटी के तहत शहर में रात्रि गश्त पर निकले थे। दोनों पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से शहर के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे सिहावा चौक के पास स्थित संजय आर्ट्स के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन (क्रमांक CG05 AV 0232, हिंद ट्रांसपोर्ट) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

100 मीटर तक घसीटती रही पिकअप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद पिकअप चालक ने बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। सड़क पर बाइक और दोनों जवान दूर तक फिसलते चले गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं नगर सैनिक दिलीप पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल नगर सैनिक रायपुर रेफर

स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने तुरंत घायल दिलीप पांडे को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए रायपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने इसे विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। विजय बैरागी लंबे समय से पुलिस सेवा में थे और अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे।

Dhamtari Road Accident: आरोपी चालक की तलाश शुरू

हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम लोगों और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।