Uttarakhand train incident: उत्तराखंड के हरिद्वार-लक्सर रेल मार्ग पर डीएलएस पैसेंजर ट्रेन से नवजात के शव के गिरने से हड़कंप मच गया। दंपती ने ट्रेन के झटके में शव हाथ से छूटने की बात कही, जबकि यात्रियों ने जानबूझकर फेंकने का आरोप लगाया।
हरिद्वार-लक्सर रेल मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब देहरादून-सहारनपुर डीएलएस पैसेंजर ट्रेन से एक नवजात का शव नीचे गिर गया। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों और दंपती के अलग-अलग दावों ने मामले को और गंभीर बना दिया। माता-पिता का कहना है कि अस्पताल से लौटते समय ट्रेन के झटके में शव हाथ से छूट गया, जबकि कुछ यात्रियों ने जानबूझकर फेंकने का आरोप लगाया। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।
देहरादून से सहारनपुर जा रही डीएलएस पैसेंजर ट्रेन में नवजात के शव के नीचे गिरने की घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। मामला लक्सर और ऐथल रेलवे स्टेशन के बीच पथरी पुल के पास का बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले दंपती ने पुलिस को बताया कि महिला ने एक दिन पहले लक्सर अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हरिद्वार के मेला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह बच्चे की मौत हो गई।
दंपती का कहना है कि वे अस्पताल से नवजात का शव लेकर घर लौट रहे थे। इसके लिए उन्होंने हरिद्वार से देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी। पिता ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे हुए थे। नवजात का शव उनकी गोद में था। बताया गया कि जब ट्रेन ऐथल और लक्सर स्टेशन के बीच पहुंची। तभी अचानक जोरदार झटका लगा। इसी दौरान ट्रेन का दरवाजा तेजी से उनकी तरफ आया। और उनके हाथ से शव छूटकर नीचे गिर गया। घटना होते ही ट्रेन में मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
ट्रेन के कुछ यात्रियों ने दंपती पर बच्चे के शव को जानबूझकर ट्रेन से फेंकने का आरोप लगाया। इसके बाद ट्रेन में बहस शुरू हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया और ट्रेन मैनेजर को सूचना दी गई।
कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही दंपती से पूछताछ भी की गई। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और यात्रियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।