# दमोह

नवरात्र 2026 : हवन-पूजन, फलाहार, झंड़ों का विक्रय तेज

19 मार्च से शुरू हो रही नवरात्र के पहले तैयारियां अंतिम चरण में, बाजार में रौनक

less than 1 minute read
१९ मार्च से शुरू हो रही नवरात्र के पहले तैयारियां अंतिम चरण में, बाजार में रौनक

दमोह. चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहे हैं और इसके चलते बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। श्रद्धालु देवी मां की आराधना के लिए पूरी तैयारियों में जुट गए हैं, जिससे हवन-पूजन सामग्री, फलाहार और व्रत से जुड़ी वस्तुओं की मांग बढ़ गई है।
नवरात्र के आगमन से पहले ही बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। खासकर, हवन सामग्री, दुर्गा सप्तशती, अगरबत्ती, दीप, नारियल, चुनरी, कलश, जौ, कपूर, घी और अन्य पूजन सामग्रियों की दुकानों पर खरीददारों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। व्यापारी भी ग्राहकों की इस भीड़ से उत्साहित हैं और कई दुकानों ने विशेष नवरात्र ऑफर भी शुरू कर दिए हैं।

फलाहार की विशेष मांग


नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं, जिससे फलाहार सामग्रियों की बिक्री में इजाफा हुआ है। खासतौर पर सिंघाड़े का आटा, कोदू का आटा, साबूदाना, मूंगफली, मखाने, दूध, दही और फलों की मांग काफी बढ़ गई है। सब्जियों में आलू, लौकी और हरी सब्जियों की मांग अधिक रहेगी।

मां के दरबार की साज सज्जा का जोर


नवरात्र के अवसर पर देवी मंदिरों को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है। प्रसिद्ध बड़ी देवी मंदिर, वैष्णोदेवी मंदिर, छोटी देवी, कंकाली मंदिर, महाकाली मंदिर सहित अलग-अलग जगहों पर मंदिरों में रंग-बिरंगी लाइटिंग, फूलों की मालाएं और आकर्षक तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं। भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर समितियों द्वारा विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, जिसमें प्रसाद वितरण, भंडारे और विशेष आरती के कार्यक्रम शामिल हैं।

व्यापारियों में उत्साह


स्थानीय व्यापारी अमित जैन ने बताया कि इस बार नवरात्र में बाजार पूरी तरह से गुलजार है। लोग पूजन और प्रसाद की सामग्री थोक में कर रहे हैं। इसके अलावा फलाहार भी विक्रय हो रहा है। अच्छा बाजार होने से व्यापारियों में उत्साह है।