Mohammed Kaif slams selectors on Suryakumar Yadav Captaincy: मोहम्मद कैफ का सिलेक्शन कमिटी पर गुस्सा फूटा है। रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को टी20 इंटरनेशनल कप्तानी से हटाने पर कैफ ने दिया बड़ा बयान, कहा- खिलाड़ियों के साथ ऐसा बर्ताव बिल्कुल गलत है।
Mohammad Kaif statement Rohit Sharma Suryakumar Yadav: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों एक बेहद अजीब और चौंकाने वाला सिलसिला देखने को मिल रहा है। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वह देश का कप्तान बने और भारत को आईसीसी (ICC) ट्रॉफी जिताए। लेकिन पिछले तीन सालों का इतिहास देखें तो ऐसा लगता है कि टीम इंडिया को आईसीसी ट्रॉफी जिताना कप्तानों के लिए एक श्राप बनता जा रहा है।
ट्रॉफी जीतते ही कप्तान या तो खुद कुर्सी छोड़ देता है या फिर उससे कप्तानी छीन ली जाती है। ऐसा लगातार तीसरी बार हुआ है और इस अजीब सिलसिले की शुरुआत साल 2024 में हुई थी, जो अब 2026 तक लगातार जारी है। इस पूरे मामले पर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सिलेक्शन कमेटी और बीसीसीआई (BCCI) को आड़े हाथों लेते हुए एक बड़ा बयान दिया है।
चयनकर्ताओं के इस रवैये पर भड़कते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा, 'यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ी को कप्तानी से और यहां तक कि टीम से भी हटाया जा रहा है। कोई भी खिलाड़ी इस तरह के बर्ताव के लायक नहीं है। लेकिन ऐसा क्यों हो रहा है? सिलेक्शन कमेटी पिछले कुछ समय से ऐसे ही फैसले ले रही है। चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भी रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाना बिल्कुल समझ से परे था। मैं आज भी मानता हूं कि वह एक बहुत ही खराब और गलत फैसला था। और अब ऐसा ही कुछ सूर्यकुमार यादव के साथ भी किया जा रहा है। सूर्यकुमार यादव इससे कहीं ज्यादा सम्मान के हकदार हैं।'
कैफ ने सूर्या का बचाव करते हुए आगे कहा कि वे आज भी भारत के सबसे बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं और उनका स्ट्राइक रेट कई अन्य खिलाड़ियों से बेहतर है। माना कि पिछले दो-तीन महीनों में उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले हैं, लेकिन भारतीय फैंस को आखिरकार क्या चाहिए? फैंस चमचमाती ट्रॉफी चाहते हैं और सूर्या ने भारत को चैंपियन बनाया है। उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए था।
अगर इतिहास पर नजर डालें तो इस सिलसिले की शुरुआत कप्तान रोहित शर्मा से हुई थी। साल 2024 में रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया। लेकिन अगले ही टी20 मैच में वह कप्तान नहीं थे क्योंकि उन्होंने इस फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। साल 2025 में रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब दिलाया। लेकिन इसके ठीक बाद बीसीसीआई ने उनसे वनडे की कप्तानी छीनकर शुभमन गिल को सौंप दी। रोहित आज भी वनडे टीम का हिस्सा हैं, लेकिन कप्तानी चली गई।
अब ठीक ऐसा ही कुछ सूर्यकुमार यादव के साथ भी हो रहा है। सूर्या ने अपनी कप्तानी में भारत को घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का चैंपियन बनाया। लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो आयरलैंड के खिलाफ होने वाले अगले ही टी20 मैच में वह कप्तान नहीं होंगे। इतना ही नहीं, खराब फॉर्म की वजह से अब टीम में भी उनकी जगह पक्की नहीं दिख रही है। आईपीएल 2026 में 13 पारियों में वह सिर्फ 270 रन ही बना सके थे, जहां उनका औसत महज 20.76 का रहा। भारत इस दौरे की शुरुआत आयरलैंड के बेलफास्ट से करेगा, जहां टीम की कमान अब श्रेयस अय्यर के हाथों में सौंपी जा सकती है।