# चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़: पाडन पोल झरने के पास मिली युवती की लाश, पत्थर से कुचला सिर, बॉडी पर नहीं थे कपड़े

चित्तौड़गढ़ शहर में किले के पहले दरवाजे पाडन पोल के निकट झरने वाले रास्ते के पास पहाड़ी जंगल में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका का सिर पत्थर से कुचला हुआ था और शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

2 min read
घटनास्थल का मौका मुआयना करती पुलिस। फोटो पत्रिका नेटवर्क

चित्तौड़गढ़। शहर में किले के पहले दरवाजे पाडन पोल के निकट झरने वाले रास्ते के पास पहाड़ी जंगल में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवती की निर्वस्त्र लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका का सिर पत्थर से कुचला हुआ था और शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। वहीं वारदात से पहले दुष्कर्म की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।

सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्रसिंह यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक ब्रजेशसिंह और कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापति जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को बुलाकर मौका मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को चित्तौड़गढ़ जिला सांवलियाजी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह नरेगा श्रमिक काम पर जा रहे थे। इस दौरान झाड़ियों से तेज बदबू आ रही थी। श्रमिकों ने पास जाकर देखा तो एक युवती का शव पड़ा हुआ था। शव देखकर श्रमिक घबरा गए और उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है। शव तीन से चार दिन पुराना होने के कारण गलने लगा था। शव के पास एक शराब की बोतल और चिप्स का पैकेट भी मिला है, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित रखा है।

शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

कोतवाली पुलिस मृतका की शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। इसके लिए आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले को दुष्कर्म के एंगल से जोड़कर भी देख रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी कर रही है।