# बूंदी

Bundi : पाइप लाइन के ऊपर बिछा दी भूमिगत विद्युत केबल

शहर में बुधवार रात जलदाय विभाग ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन में जलापूर्ति की, जिससे घरों में पानी पहुंचने के बजाय नाले में बह गया। गंभीर बात यह है कि जेवीवीएनएल ने पाइपलाइन के ऊपर ही भूमिगत विद्युत केबल बिछाई। जेवीवीएनएल खुदाई कर केबल बिछाता रहा और जलदाय विभाग के अधिकारी अनदेखी करते रहे, जिससे कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई।

2 min read
नैनवां. जेवीवीएनएल ने जलदाय विभाग की पाइपलाइन के ऊपर ही बिछा रखी विद्युत केबल। पत्रिका फोटो

नैनवां. शहर में बुधवार रात को जलदाय विभाग ने क्षतिग्रस्त पाइप लाइन में ही जलापूर्ति कर दी, जिससे पानी घरों में नलों में पानी पहुंचने की जगह नाले में बहता रहा। गम्भीर बात तो यह सामने आई कि जेवीवीएनएल ने पाइप लाइन के ऊपर ही भूमिगत विद्युत केबल बिछा दी। जेवीवीएनएल खुदाई कर पाइपलाइन के ऊपर ही केबल बिछाता रहा और जलदाय विभाग के अधिकारी अनदेखी करते रहे, जिससे कई जगह पाइप लाइन टूट गई।

मरम्मत के लिए खुदाई की तो पाइप लाइन के ऊपर ही केबल बिछी मिली। पहले तो जेवीवीएनएल को रोका नही, अब नोटिस दिया है।गुरुवार सुबह जलदाय विभाग के अधिकारी व कर्मचारी टूटी पाइप लाइन की स्थिति देखने पहुंचे। मरम्मत का काम शुरू कराया। पाइप टूट जाने से शहर के चार जोन में तीसरे दिन भी जलापूर्ति नही हो पाई।जेवीवीएनएल द्वारा शहर में भूमि गत विद्युत केबल डाली जा रही है। जेवीवीएनएल ने जलदाय विभाग की पाइपलाइन के ऊपर ही भूमिगत केबल डाल दी। केबल डालने के दौरान की गई खुदाई से उनियारा रोड पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यालय के सामने पांच स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई। शाम को उनियारा रोड व राजीव कॉलोनी के लिए चार जोन में मिस्त्री मार्केट में स्थित उच्च जलाशय से जलापूर्ति शुरू की तो पानी नलों में पहुंचने की जगह पाइपलाइन टूटी पड़ी होने से नाले में बह गया। पूरा पानी बह जाने से उनियारा रोड का नाला बह निकला।

अनदेखी पड़ गई भारी

जलदाय विभाग ने गुरुवार सुबह टूटी पाइपलाइन की मरम्मत के लिए खुदाई कराई तो पाइपलाइन के ऊपर ही जेवीवीएनएल द्वारा विद्युत केबल व एक मोबाइल कम्पनी द्वारा फाइबर केबल बिछी मिली, जिससे बड़ी मुश्किल से पाइपलाइन की मरम्मत हो पाई। पाइपलाइन के ऊपर ही विद्युत केबल डालने से खतरा भी बन गया।

नोटिस दिया

जलदाय विभाग की सहायक अभियंता जसोदा डिडवानिया ने बताया कि जेवीवीएनएल द्वारा विद्युत केबल डालने के लिए की खुदाई से जगह-जगह से पाइप लाइन टूट गई। जेवीवीएनएल ने बिना देखे ही पाइपलाइन पर ही विद्युत केबल बिछा दी, जो खतरा भी बन गया। मामले में जेवीवीएनएल को नोटिस जारी कर पाइप लाइन पर विद्युत केबल बिछाने का विरोध जताया है। साथ ही पाइपलाइन की मरम्मत आए खर्चे की राशि जमा कराने को लिखा है।