# बूंदी

Bundi : बारदाना खत्म, गेहूं खरीद चार से दिन बंद, 143 किसान परेशान

तालेड़ा उपखंड के सुवासा कस्बे पर लगे सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर बारदाना खत्म होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। संवेदक ने गेहूं की तुलाई बंद कर दी है, जिससे सैकड़ों क्विंटल गेहूं लेकर पहुंचे किसान कई दिनों से इंतजार कर रहे हैं। तुलाई शुरू नहीं होने से नाराज कई किसान गेहूं वापस घर ले गए।

2 min read
सुवासा. सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर खुले में पड़ा किसानों का गेहूं

सुवासा. तालेड़ा उपखंड के सुवासा कस्बे पर लगे सरकारी गेहूं खरीद केंद्र पर बारदाना खत्म होने के कारण संवेदक के द्वारा गेहूं की तुलवाई बंद करने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। केंद्र पर सैकड़ों क्विंटल गेहूं लेकर पहुंचे किसान कई दिनों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन तुलाई शुरू नहीं होने से उनमें नाराजगी है। और कई किसान गेहूं की तुलवाई नहीं होने से वापस गेहूं को अपने घर लेकर चले गए हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार सुवासा सरकारी गेहूं खरीद पर 793 टोकन जारी हुए थे, जिसमें से अब तक 650 किसानों के गेहूं की तुलाई हो चुकी है, जबकि 143 किसानों का गेहूं अभी भी केंद्र पर अटका हुआ है। तुलाई बंद होने के कारण किसानों के गेहूं केंद्र पर पड़े हुए हैं। सेदड़ी गांव निवासी किसान धनराज मीणा ने बताया कि वह पिछले 6 दिनों से गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली खरीद केंद्र पर खड़ी हुई है, लेकिन अभी तक भी उसकी उपज की गेहूं की तुलवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर मिलने वालों के गेहूं तोले जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उपखंड अधिकारी को भी शिकायत दी, लेकिन फिर भी किसानों की समस्या का समाधान नहीं हुआ। किसानों का कहना है कि भीषण गर्मी में कई दिनों तक केंद्र पर इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक किसानों के साथ साथ परेशानी बढ़ गई है। किसानों ने शीघ्र बारदाना उपलब्ध कराकर 31 जून तक बाकी सभी किसानों के गेहूं की तुलवाई की मांग की है।

खरीद केंद्र का टारगेट 1 लाख कट्टे तोलने का था, जो पूरा हो गया है। हमें बारदाना उपलब्ध नहीं हो रहा है। इस समस्या को उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, फिर भी कोई समाधान नहीं हुआ है, जिसके कारण हमें केंद्र बंद करना पड़ा। एक सप्ताह से हमारे पास बारदाना खत्म था, बीच में 7 हजार कट्टे बारदाना आया था, जो 2 दिन में खत्म हो गया।
हरिओम गुर्जर, व्यवस्थापक, नेफेड सरकारी गेहूं खरीद केंद्र, सुवासा

यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है कि सुवासा सरकारी गेहूं केंद्र पर 2 दिन से गेहूं की तुलवाई बंद है। मैं डीएसओ से बातचीत करके समस्या का समाधान करवाऊंगा।
लक्ष्मीकांत मीणा, कार्यवाहक उपखंड अधिकारी, तालेड़ा

केशवरायपाटन में सात दिन बाद तुलाई शुरू

केशवरायपाटन. कृषि उपज मंडी परिसर में चल रहे तिलम संघ के खरीद केंद्र पर शुक्रवार को बारदाने की व्यवस्था होने के बाद सात दिनों से बंद खरीद शुरू हो गई। यहां पर बारदाने की व्यवस्था पिछले सात दिनों से बिगड़ी हुई थी। जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे थे। किसान चिलचिलाती धूप में गेहूं के ढेर कर बारदाने का इंतजार कर रहे थे। किसानों ने इस बारे में अधिकारियों को भी अवगत कराया, लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। किसानों की इस समस्या को राजस्थान पत्रिका में शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद ही सुबह आठ बजे मंडी में बारदाना से भरा ट्रक आ गया।