# भोपाल

ट्विशा केस: गिरिबाला सिंह और समर्थ को बचा सकते हैं 2 तथ्य, चला नया पैंतरा

Twisha case- दोनों आरोपियों को बचाव में मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग पर सबसे ज्यादा भरोसा, उनका मानना है कि इससे उनका पक्ष मजबूत होगा

2 min read
Two facts could potentially save Giribala Singh and Samarth in the Twisha case

Twisha Sharma Case: भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह बुरी तरह फंस चुके हैं। मामले की जांच कर रही सीबीआई के अधिकारियों का दावा है कि ऐसे कई बयान और सबूत हैं जोकि मां बेटे के खिलाफ हैं। ट्विशा शर्मा मामले में सीबीआई की लगातार पूछताछ से गिरिबाला सिंह तो घबरा भी उठी हैं। उन्होंने जांच अधिकारियों को एंग्जाइटी और घबराहट की शिकायत भी की। पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह इस विषम हालात से उबरने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हर कानूनी उपाय आजमा रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों आरोपियों को अपने बचाव में मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग पर सबसे ज्यादा भरोसा है। उनका मानना है कि इससे उनका पक्ष मजबूत हो सकेगा। इसके साथ ही गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह, ट्विशा को ट्रांसफर किए लाखों रुपए की बात को भी अपने बचाव के लिए तथ्य के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।

नोएडा की रहनेवाली एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित आवास में संदिग्ध हालातों में मौत हो गई थी। सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के अनुसार उसने आत्महत्या की जबकि ससुरालवालों ने उनपर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया। दोनों पर केस भी दर्ज कराया गया है। मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है।

परिजनों का बड़ा आरोप:

एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा के परिजनों ने सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर अपने रसूख का नाजायज इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्विशा की मौत के तुरंत बाद दोनों मां बेटे सक्रिय हो गए थे।
परिजनों ने दावा किया कि पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने तो कई प्रभावशाली लोगों से बात की। उन्होंने 46 फोन किए थे।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और भाई हर्षित शर्मा शुरु से ही ​गिरिबाला सिंह के कॉल रिकॉर्ड्स को खंगालना की मांग कर रहे है। इसके लिए कोर्ट में भी आवेदन दिया है। ​ससुरालवालों ने कहा है कि गिरिबाला सिंह के कॉल रिकॉर्ड्स सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए कोर्ट से मांग भी की।

ट्विशा के मां-पिता, भाई व अन्य परिजनों को किए गए कॉल रिकॉर्ड्स की मांग

हैरत की बात तो यह है कि आरोपी पक्ष यानि गिरिबाला सिंह ने भी मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स सुरक्षित रखने की जरूरत जताई है। वे इसे अपने बचाव के लिए उपयोगी मानती हैं। गिरिबाला सिंह ने ट्विशा के मां-पिता, भाई व अन्य परिजनों को किए गए मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड्स निकालने की मांग की है। उनकी ओर से इसके लिए अदालत में भी आवेदन दिया गया है।
ट्विशा के परिजन कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर गिरिबाला सिंह पर कानूनी शिकंजा कसना चाहते हैं। वहीं पूर्व जज को इसी आधार पर अपना बचाव करने का भरोसा है।

गिरिबाला सिंह एक और तथ्य को अपने बचाव के हथियार के रूप में आजमा रहीं हैं। वे शुरु से कह रहीं हैं कि हमने ट्विशा को शादी से पहले से लेकर मौत तक लाखों रुपए दिए। गिरिबाला सिंह ने बहू को करीब 7 लाख रुपए ट्रांसफर करने का दावा किया है। पूर्व जज के वकील ने कोर्ट से ट्विशा के बैंक अकाउंट का स्टेटमेंट निकालकर सार्वजनिक करने की मांग की है।