# भोपाल

एमपी से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित होते ही कांग्रेस में अंतर्कलह, कांग्रेस नेता ने दिखाए बागी तेवर

Meenakshi Natarajan: कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस नेता ने राहुल-प्रियंका को टैग कर जताई आपत्ति, कहा- दिग्विजय सिंह ही सही उम्मीदवार थे।

2 min read
meenakshi natarajan rajya sabha candidate mp congress

MP Congress Internal Rift: मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, लेकिन मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद ही मध्यप्रदेश कांग्रेस में विरोध के सुर उठने शुरू हो गए हैं। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से दो बार प्रत्याशी रहे नरेश ज्ञानचंदानी ने खुलकर मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताई है।

मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी पर आपत्ति

कांग्रेस नेता नरेश ज्ञानचंदानी ने मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर आपत्ति जताई है। ज्ञानचंदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग कर एक पोस्ट की है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा है- आदरणीय राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आपसे आग्रह है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए उम्मीदवार में बड़ी चूक हुई है। आपको कई बार मैसेज किए थे कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए बड़ा सोच समझकर निर्णय लें, क्योंकि यहां क्रॉस वोटिंग का खतरा है। अगर दिग्विजय सिंह रिपीट होते तो सीट सेफ थी।

कौन हैं मीनाक्षी नटराजन

  • मीनाक्षी नटराजन का जन्म उज्जैन के नागदा में हुआ।
  • मीनाक्षी नटराजन ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
  • मीनाक्षी नटराजन के पास जैव रसायन में स्नातकोत्तर और कानून में स्नातक की डिग्री है।
  • मीनाक्षी नटराजन एनएसयूआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष और युवा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं।
  • मीनाक्षी नटराजन 2009 में मंदसौर लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं।
  • मीनाक्षी नटराजन ने 2009 के लोकसभा चुनाव में मंदसौर से 1971 से अजेय रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीनारायण पांडे को हराया था। हालांकि बाद के दो चुनाव वे नहीं जीत सकीं।
  • मीनाक्षी नटराजन वर्तमान में तेलंगाना की एआईसीसी प्रभारी हैं।
  • साल 2008 में मीनाक्षी नटराजन को राहुल गांधी ने एआइसीसी सचिव के रूप में चुना था।

कांग्रेस को है क्रॉस वोटिंग का डर

बता दें कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पास वर्तमान में 62 विधायक हैं और एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है। ऐसे में गणित के हिसाब से तो कांग्रेस के पास एक सीट नजर आ रही है लेकिन आशंका है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग हो सकती है और इस कारण कांग्रेस में हलचल मची हुई है। यहां ये भी बता दें मध्यप्रदेश से भाजपा ने राज्यसभा के लिए दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है जिनमें रजनीश अग्रवाल और तरुण चुग शामिल हैं।