# भोपाल

MP में मानसून की एंट्री कब? मौसम विभाग ने बताई डेट, 45 जिलों में बारिश का अलर्ट

MP Monsoon Arrival: केरल में धमाकेदार एंट्री के बाद अब मध्य प्रदेश में भी मानसून की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।

2 min read
MP Monsoon Arrival date revealed (फोटो- Patrika.com)

MP Monsoon Arrival: देश का दक्षिण पश्चिम मानसून तीन दिन देरी के बाद केरल पहुंच गया। केरल में धमाकेदार एंट्री के बाद अब मध्य प्रदेश में भी मानसून की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। केंद्रीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। विभाग ने प्रदेश में किस डेट पर बारिश का मौसम दस्तक दे सकता है, इसकी संभावित तारीख बता दी है।

फिलहाल राज्य में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को प्री मानसून की गतिविधियों ने राहत दी है। भोपाल में गुरूवार को 70-80 किमी/प्रति घंटा से रफ्तार से तूफानी हवाएं हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि भी हुई जिससे किसानों को परेशानी हुई। इस आंधी-तूफान में राजधानी में कई जगह पेड़ धराशायी हो गए। प्रदेश मौसम विभाग ने 45 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है।

इस दिन एमपी में एंट्री करेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मानसून पांच से सात दिन की देरी से दस्तक दे सकता है। विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून 20-22 जून तक एंट्री कर सकता है। बता दें कि, सामान्य परिस्तिथियों में एमपी में मानसून 15 जून तक दस्तक दे देता है। अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी दोनों ओर से मिल रही नमी मानसून को आगे बढ़ाने में सहायक बन रही है।

शनिवार के लिए 45 जिलों में अलर्ट

एमपी मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 45 जिलों में गरज -चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, पांढुर्णा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा और सिवनी में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

रतलाम में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश

रतलाम शहर में अल सुबह 4 बजे से गरज चमक के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई थी। रिमझिम तो कभी तेज बारिश का सिलसिला बिजली और बादल की गर्जना के साथ सुबह तक चलता रहा। सड़को से पानी बहकर निकल गया।

भोपाल में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान ने पलटा मौसम

राजधानी में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला गया। काले घने बादल छाए और आंधी चली। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 किमी तक पहुंच गई थी। 6 से 7 बजे तक आंधी, तूफानी बारिश का दौर चलता रहा। कुछ जगह ओले गिरे। सीहोर, राजगढ़, देवास, में भी तेज हवा चली। गरज चमक की स्थिति बनी। नर्मदापुरम् विदिशा, हरदा, रायसेन, दमोह आदि स्थानों पर भी यही हालात रहे। मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया, पाकिस्तान की और एक पश्चिमी विक्षोभ है। ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। ऐसे में नमी ज्यादा है। दिनभर तपिश के बाद शाम को लोकल क्लाउड डवलप हो रहे हैं और बारिश हो रही है