CBI - सीबीआई ने सवालों की लंबी लिस्ट तैयार की, इनमें मुख्य रूप से सीसीटीवी, समर्थ की फरारी का कारण, ट्विशा के शरीर पर पाई चोटों के सवाल
Twisha Sharma Case: ट्विशा केस में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई की जांच रफ़्तार पकड़ चुकी है। पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके आरोपी बेटे समर्थ सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। ट्विशा की संदिग्ध मौत के मामले का खुलासा करने के लिए सीबीआइ सीन री-क्रिएशन करेगी। इसके लिए लंबाई और वजन के आधार पर पुतले तैयार कराए जा रहे हैं। ट्विशा मौत मामले में भोपाल जिला कोर्ट में दोनों पक्षोें द्वारा अलग अलग आवेदन दाखिल किए गए हैं। इनमें से एक आवेदन में मुख्य आरोपी समर्थ सिंह और पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के कॉल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और उन्हें सीबीआइ जांच का हिस्सा बनाने की मांग की गई है। इस बीच सीबीआई ने मां बेटे से सच उगलवाने के लिए सवालों की लंबी लिस्ट तैयार की है। इनमें मुख्य रूप से सीसीटीवी, समर्थ की फरारी का कारण, ट्विशा के शरीर पर पाई चोटों का सच जानने के लिए सवाल शामिल हैं।
ट्विशा केस की पैरवी कर रहे अधिवक्ता अंकुर पाण्डेय ने बताया कि मुख्य आरोपी समर्थ सिंह और उनकी मां पूर्व न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के कॉल रिकॉर्ड मामले की हकीकत उजागर करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं इसलिए इन्हें सुरक्षित रखने और सीबीआइ जांच का हिस्सा बनाने की मांग की गई है। इसके लिए भोपाल अदालत में आवेदन प्रस्तुत कर दिया गया है।
इधर सीबीआइ जल्द ही ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास पूर्व जज गिरिबाला सिंह की मौजूदगी में सीन री-क्रिएशन करेगी। इसकी तैयारियां चल रहीं हैं।
ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला देशभर में सुर्खियों में बना हुआ है। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लेकर सुनवाई कर चुका है। ऐसे में केस की जांच कर रही सीबीआई पर सभी की नजर है। यही कारण है कि जांच अधिकारी अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए केस को सुलझाने में लगे हैं।
सीबीआई की सक्रियता बयानों से लेकर साक्ष्य जुटाने तक के काम में नजर आ रही है। जांच अधिकारी पूर्व जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से वारदात के संबंध में कई जवाब मांग रहे हैं। स्थिति ये है कि टीम ने गिरिबाला व समर्थ से पूछताछ के लिए 50 से ज्यादा सवाल तैयार किए हैं। दोनों से उनके जवाब पूछ रही है। समर्थ सिंह की फरारी को गिरिबाला सिंह अपनी गलती मान चुकी है पर सीबीआई उनके जवाब से संतुष्ट नहीं है।