# अलवर

अलवर: बाइक पर गिरा 11 KV का तार, दो लोग जिंदा जले

राजस्थान के अलवर (टहला) में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां बाइक से जा रहे दो ग्रामीणों पर अचानक 11 हजार केवी (11 KV) की हाईटेंशन लाइन का चालू तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने और बाइक में आग लगने से दोनों लोग जिंदा जल गए।

2 min read
समझाइश करते अधिकारी तथा मृतक रमेश व मूलचंद (इनसेट में)

अलवर के गोलाकाबास, टहला थाना क्षेत्र में धीरोड़ा-दरोगाला सड़क मार्ग पर सोमवार शाम करीब 4 बजे बड़ा हादसा हो गया। बाइक पर जा रहे दो जनों पर अचानक 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का बिजली का तार गिर गया। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार टहला क्षेत्र के लिलियावास गांव निवासी मूलचंद पुत्र देवबक्स गुर्जर (55) तथा कानियावास गांव निवासी रमेश पुत्र लादूराम गुर्जर (52) बाइक पर सवार होकर अजबगढ़ से दरोगाला गांव जा रहे थे। रास्ते में अचानक 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन का बिजली का तार बाइक पर आकर गिरा।

टहला सीएचसी के बाहर प्रदर्शन

इसके बाद शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारियां उठने लगीं। बाइक सवार मूलचंद और रमेश कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों करंट की चपेट में आ गए। पुलिस ने दोनों शवों को टहला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। दोनों शव का पोस्टमार्टम पुलिस ने रात को ही करवा दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने टहला सीएचसी के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद बिजली निगम से कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीण दोनों मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा और मृतकों के परिवार के एक-एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने की मांग कर रहे थे।


मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपए

राजगढ़, टहला थाना क्षेत्र के धीरोड़ा गांव के दरोगाला सड़क पर विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से चपेट में आए बाइक सवार दो लोगों की मौत के बाद दोनों मृतकों के शव टहला सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करा दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी दिलाने, आर्थिक सहायता की मांग की। सूचना पर टहला तहसीलदार के प्रवीण चौधरी एवं विद्युत वितरण निगम सहायक अभियन्ता आरएस मेहर मौके पर पहुंचे।

जहां आक्रोशित लोगों से समझाइश की। तहसीलदार ने बताया कि लोगों मान गए तथा मंगलवार सुबह पांच बजे शव सौप दिए जाएंगे। 5-5 लाख तक का कॉरपोरेशन उनको मुआवजा दे देगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री आरोग्य योजना से 10 लाख, मृतकों के परिवार के एक-एक व्यक्ति को संविदा पर नौकरी दिलवाने का प्रयास किया जाएगा।

मजदूरी करते थे

दोनों मृतक कृषि कार्य व मजदूरी करते थे। दोनों अजबगढ़ क्षेत्र के गुगली का गुवाड़ा में एक सवामणी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर बाइक से लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जीएसएस से बिजली बंद कर दी गई थी। मृतक मूलचंद गुर्जर के तीन लड़की व एक लड़का है। अभी चारों पढ़ाई कर रहे है।

मृतक रमेश गुर्जर कानियावास के तीन लडके हैं। एक जयपुर प्राइवेट जॉब करता है। दो लड़के प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे है। मृतकों के घर गांव की ढाणियों से दूर खेतों में बने हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बार-बार बेहोस हो जाते हैं। आसपास के बुजुर्ग व महिलाएं इन्हें ढांढस बंधाने में लगे हुए है।