# अहमदाबाद

गुजरात नगर निकाय: 7 मनपा में महापौर और पदाधिकारियों का चयन, विकास कार्यों पर फोकस

Gujarat Municipal Corporations: गुजरात की सात नगर निगमों में महापौर और अन्य पदाधिकारियों का चयन किया गया। वडोदरा, राजकोट, भावनगर और नवगठित मनपा में नई टीमों ने विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा जताया।

2 min read
गुजरात नगर निकायों में महापौर और पदाधिकारियों का चयन किया गया (फोटो- Balkrishna Shukla एक्स पोस्ट)

Gujarat Municipal Corporations: गुजरात की सात नगर निगमों में गुरुवार को महापौर सहित प्रमुख पदाधिकारियों का चयन किया गया। वडोदरा, राजकोट, भावनगर, करमसद-आणंद, सुरेंद्रनगर, वापी और सूरत मनपा में नई टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई। 28 अप्रेल को निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब एक महीने बाद इन पदों पर नियुक्तियां की गईं। इससे पहले मंगलवार को अहमदाबाद, जामनगर, पोरबंदर, गांधीधाम, नडियाद, मोरबी, मेहसाणा और नवसारी सहित आठ नगर निगमों में महापौर और अन्य पदाधिकारी चुने गए थे। नई नियुक्तियों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। कई शहरों में मिठाई वितरण और आतिशबाजी भी की गई। नई टीमों ने विकास कार्यों को तेज करने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिया।

वडोदरा में गीता मकवाणा बनीं नई महापौर

वडोदरा नगर निगम में वार्ड नंबर 13 की भाजपा पार्षद गीता मकवाणा को नई महापौर चुना गया। आदित्य पटेल को उप महापौर, वर्षा व्यास को स्थायी समिति अध्यक्ष, श्वेता माछी को शासक पक्ष का नेता और विजय चौहान को सचेतक बनाया गया। नई जिम्मेदारियों के बाद मनपा कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा। गीता मकवाणा एक छोटी दुकान चलाती हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि वे सरकारी वाहनों का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगे और ईंधन की बचत पर ध्यान देंगे। शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

राजकोट और भावनगर में नई नेतृत्व टीम

राजकोट में पूर्व सांसद चिमन शुक्ल के पुत्र नेहल शुक्ल को 23वां महापौर चुना गया। दक्षा वसाणी उप महापौर, परेश पीपलिया स्थायी समिति अध्यक्ष, हीरेन खीमाणिया शासक पक्ष के नेता और संजयसिंह राणा सचेतक बने। नेहल शुक्ल ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट, ट्रैफिक और पानी जैसी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं भावनगर में भाजपा की उषा तलरेजा ने कांग्रेस की जशुबेन बारैया को हराकर महापौर पद हासिल किया। उन्हें 44 वोट मिले जबकि विपक्ष को 8 वोट प्राप्त हुए। अशोक बारैया उप महापौर और किशन महेता स्थायी समिति अध्यक्ष नियुक्त किए गए।

नवगठित सुरेंद्रनगर मनपा में राकेश राठोड पहले महापौर

नवगठित सुरेंद्रनगर मनपा में राकेश राठोड पहले महापौर बने। स्मिता रावल उप महापौर और निखिल चांपानेरी स्थायी समिति अध्यक्ष नियुक्त हुए। करमसद-आणंद मनपा में दीपिका पटेल पहली महिला महापौर बनीं जबकि कमलेश डाभी उप महापौर चुने गए। मयूर सुथार को स्थायी समिति अध्यक्ष और अमित पुरोहित को शासक पक्ष का नेता बनाया गया। नवगठित वापी मनपा में दक्षा पटेल को महापौर की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई नियुक्तियों के बाद सभी नगर निगमों में विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।