# अहमदाबाद

Ahmedabad: शहर में ऑटो रिक्शा में सफर करना हुआ महंगा, चालकों ने खुद बढ़ाया किराया

-न्यूनतम किराया 20 की जगह 30 रुपए वसूलना शुरू, प्रति किलोमीटर 15 की जगह ले रहे हैं 20 रुपए, सरकार से की न्यूनतम किराया 50 रुपए करने और प्रति किलोमीटर 20 रुपए किराया करने की मांग, सीएनजी के दाम बढ़ने से उठाया कदम

2 min read
फाइल फोटो।

Ahmedabad. शहर में शुक्रवार से ऑटो रिक्शा में सफर करना लोगों के लिए महंगा हो गया। दरअसल, ऑटो रिक्शा चालकों ने खुद ही रिक्शा के न्यूनतम किराया और प्रति किलोमीटर किराए में वृद्धि करते हुए उसे यात्रियों से वसूलना भी शुरू कर दिया है। सीएनजी की कीमत में हो रही वृद्धि को देखते हुए चालकों ने यह कदम उठाने की बात कही है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से ऑटो रिक्शा के न्यूनतम किराए और प्रति किलोमीटर किराए में वृद्धि की कोई मंजूरी नहीं दी गई है।ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद और अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन की ओर से शुक्रवार से एसोसिएशन से जुड़े सभी ऑटो चालकों से बढ़ा हुआ किराया वसूलने की बात कही है।

अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष विजय मकवाणा ने बताया कि ऑटो चालकों ने यह कदम आए दिन हो रही सीएनजी के दामों में वृद्धि, दूध, पेट्रोल, डीजल व अन्य जीवन जरूरी वस्तुओं के दामों के बढ़ने के चलते उठाया है। स्थिति यह है कि आज सीएनजी प्रति किलोग्राम की कीमत 88 रुपए को पार कर गई है। एक ऑटो चालक दिन में पांच से छह किलो गैस उपयोग करता है तो उसे दैनिक 50 रुपए का घाटा हो रहा है। इसे देखते हुए एसोसिएशन ने निर्णय किया है कि ऑटो का न्यूनतम किराया शुक्रवार से 20 रुपए की जगह 30 रुपए और प्रति किलोमीटर 15 की जगह 20 रुपए वसूल किया जाए। इस बढ़े हुए किराए को यात्रियों से झगड़ा किए बिना वसूलने की शुरूआत कर दी है। इस किराया वृद्धि की मांग का प्रस्ताव राज्य सरकार को एक महीने पहले ही दिया जा चुका है। प्रस्ताव देने के बाद से सीएनजी के दाम में चार रुपए से ज्यादा की वृद्धि हो गई है।

पांच महीनों में 8 रुपए महंगी हुई सीएनजी, चार साल से नहीं बढ़ा किराया

ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद के अध्यक्ष राज शिरके ने कहा कि 16 मई को सीएनजी में प्रति किलो 2.25 रुपए बढ़ाए गए थे, जिससे कीमत प्रति किलो 86.02 रुपए हो गई। 27 मई को फिर प्रति किलो दो रुपए दाम बढ़ा दिए जिससे सीएनजी की कीमत प्रति किलो 88.02 रुपए हो गई। वर्ष 2026 के शुरूआत के पांच महीनों में सीएनजी में 8.06 रुपए की वृद्धि हो चुकी है। उधर दूध, पेट्रोल, डीजल के दाम भी बढ़े हैं। हालांकि ऑटो का किराया चार साल से नहीं बढ़ा है। ऐसे में ऑटो चालकों का घर चलाना, ऋण की किश्त निकालना मुश्किल हो रहा है। इसे देखते हुए शुक्रवार से बढ़ा हुआ किराया वसूलना शुरू किया गया है।

न्यूनतम किराया 50, प्रति किलोमीटर 20 रुपए की मांग

इन दोनों ही ऑटो चालक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को परिवहन आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि ऑटो का न्यूनतम किराया 20 की जगह बढ़ाकर 50 रुपए किया जाए। प्रति किलोमीटर 15 की जगह 20 रुपए किया जाए।

स्कूल वर्धी वाहन एसोसिएशन भी कर रहा है किराया वृद्धि पर विचार

उधर 8 जून से राज्य में स्कूलें खुलने वाली हैं। सीएनजी के दाम बढ़ने से स्कूल वर्धी वाहन एसोसिएशन के पदाधिकारी भी स्कूल वाहनों के किराए में वृद्धि पर विचार कर रहे हैं। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है।