10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Alwar Road Accident: एक घर का बुझा चिराग, दूसरे का सहारा टूटा, मामा-बुआ के बेटों की एक साथ चिता जलेगी

अलवर-करौली नेशनल हाइवे-921 पर पिनान गैस एजेंसी के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए। मृतक ओमप्रकाश जांगिड (41) और दिनेश जांगिड (28) आपस में रिश्तेदार थे।

2 min read
Google source verification

अलवर

image

Arvind Rao

Mar 10, 2026

Two Cousins Killed in Head-On Bike Crash on Alwar Karauli Highway Two Others Seriously Injured

घायलों का उपचार जारी (फोटो- पत्रिका)

Alwar road accident: अलवर-करौली नेशनल हाइवे-921 पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। पिनान गैस एजेंसी के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल गए।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान मंडावर निवासी ओमप्रकाश जांगिड़ (41) पुत्र मूलचंद और दिनेश जांगिड़ (28) पुत्र जगदीश के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों मृतक आपस में मामा-बुआ के लड़के थे और साथ में ही फर्नीचर का काम करते थे। सोमवार को वे राजगढ़ में अपनी किसी रिश्तेदारी में गए थे और देर रात वापस घर लौट रहे थे, तभी काल ने उन्हें रास्ते में ही घेर लिया।

काम से लौट रहे थे घायल

दुर्घटना की दूसरी बाइक पर राजगढ़ के आमकीवाल निवासी टिंकू राम सैनी और प्रभुदयाल सैनी सवार थे। वे मण्डावर में शटरिंग का काम पूरा कर वापस अपने घर राजगढ़ जा रहे थे। गैस एजेंसी के पास दोनों बाइकों की गति तेज होने के कारण वे आपस में टकरा गईं।

बचाव कार्य और उपचार

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस स्टॉफ पदमचंद सैनी और जसराम मीणा के सहयोग से सभी को तुरंत पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में डॉ. राहुल और उनकी टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन टिंकू और प्रभुदयाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें उच्च उपचार के लिए राजगढ़ रेफर कर दिया गया।

मृतकों के शवों को राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मण्डावर और आमकीवाल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।