
मौके पर जमा ग्रामीण (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले के पिनान क्षेत्र में शनिवार को एक सांड पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी मिलते ही गौरक्षा दल, पुलिस और चिकित्सा टीम मौके पर पहुंची। सांड के शरीर में फंसी कुल्हाड़ी को चिकित्सकीय सहायता और हेल्पलाइन टीम की मदद से सावधानीपूर्वक निकाला गया, जिसके बाद प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। समय पर उपचार मिलने से सांड की जान बचाई जा सकी।
घटना की सूचना फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। गौरक्षा दल ने हमले में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पुलिस को सौंप दी है और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
दल के सदस्यों का कहना है कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
31 Jan 2026 11:35 am
