8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Crime-फिरौती के लिए पड़ोसी ने करवाया था मासूमों का अपहरण

पड़ोसी चालक ने रची मासूम भाई-बहन के अपहरण की साजिश, आरोपी को पुलिस ने दबोचा, पुलिस की तत्परता से 2 घंटे बाद किशनगढ़ में हाइवे किनारे मिले थे मासूम बच्चे, परिजन ने हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में दर्ज करवाया था मुकदमा

2 min read
Google source verification
फिरौती के लिए पड़ोसी ने करवाया था मासूमों का अपहरण

फिरौती के लिए पड़ोसी ने करवाया था मासूमों का अपहरण

अजमेर(Ajmer News). घर के बाहर खेल रहे दो मासूम भाई-बहन के अपहरण की साजिश पड़ोस में रहने वाले युवक ने ही रची थी। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने अपहरण के मुख्य षड़यंत्रकारी को हिरासत में लिया है। आरोपी टैक्सी चालक ने फिरौती की नीयत से अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उसके फरार सहयोगियों की तलाश में दबिश दे रही है।

दादा की कमजोरी को बनाया हथियार

पत्रिका पड़ताल में आया कि पीड़ित परिवार के मुखिया बंसीलाल गुरु बैंक से सेवानिवृत्त हैं। उनका अपने पोते-पोती से खास लगाव आरोपी की नज़र में आ गया। आरोपी ने बंसीलाल की आर्थिक स्थिति और बच्चों के प्रति प्यार को भांपते हुए फिरौती वसूलने की साजिश रचकर अपने दो साथियों को भी शामिल किया।

माचिस के बहाने किया अगवा

आरोपी और उसके साथियों ने मासूम बच्चों को पहले माचिस लाने को कहा। फिर उनके पिता से पहचान बताकर घर से कुछ दूर ले जाकर अगवा कर लिया। घटना के बाद आरोपी युवक ने मौके के आसपास ही मौजूद रहकर घटनाक्रम पर नजर रखी।

सीसीटीवी ने खोली साजिश की परतें

वारदात के बाद परिवार और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा आरोपी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू होने पर घबरा गया। फुटेज में मुख्य आरोपी सहित उसके दोनों साथियों की आवाजाही कैद हो गई। जिसके बाद उसने अपने साथियों को बच्चों को सुरक्षित छोड़ने को कहा। जिसके बाद उसके साथी बच्चों को किशनगढ़ में जयपुर रोड बस स्टैंड के सामने छोड़कर फरार हो गए।

सख्ती से पूछताछ में टूटा आरोपी

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की मौजूदगी सामने आने के बाद हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपहरण की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।

यह है पूरा मामला

वैशालीनगर की अलखनंदा कॉलोनी निवासी सुनील कुमार की पुत्री सृष्टि (7) और पुत्र कार्तिक (4) 3 फरवरी की शाम न्यू हनुमान टेंट हाउस के पास घर के बाहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया और बच्चों की तस्वीरें वायरलेस के जरिए प्रसारित की गईं। रात करीब सवा नौ बजे बच्चों के सकुशल मिलने की सूचना मिली।

इनका कहना है…

प्रकरण में गहनता से पड़ताल की जा रही है। संदिग्धों से पड़ताल की जा रही है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।शिवम जोशी, सीओ साउथ