
अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में शनिवार को सभा में आमजन का अभिवादन स्वीकार करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।
अजमेर (Ajmer news). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजस्थान सूरज की ताकत से समृदि्ध कमाने वाली धरती बन रहा है। अब धूप बचत व कमाई का साधन बन रही है। इसमें राजस्थान का भाग्य बदलने की ताकत है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना में सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार 78 हजार रुपए दे रही है। राजस्थान में सवा लाख से अधिक परिवार अब तक इससे जुड़ चुके हैं। कई घरों में बिल लगभग जीरो आ रहा है। इससे खर्च कम और बचत ज्यादा हुई है। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के मंत्र पर हम लगातार काम कर रहे हैं। आज जिन योजनाओं पर काम शुरू हुआ है। वो विकसित राजस्थान की नींव को और अधिक मजबूत करेंगे। जब राजस्थान विकसित होगा तो यहां के हर परिवार का जीवन समृद्ध होगा। उन्होंने विकास परियोजनाओं के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को बेइज्जत करने के लिए ड्रामा किया। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में गत दिनों दुनिया का सबसे बड़ाएआई सम्मेलन हुआ। इसमें कई देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, कई कंपनियों के कर्ता-धर्ता एकत्रित हुए। सभी ने इसकी प्रशंसा की। इस दौरान कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। बेइज्जत करने के लिए ड्रामा किया। कांग्रेस हार का बदला देश को बदनाम कर लेती है। उन्होंने कांग्रेस पर पेपर लीक, रक्षा सौदों और सिंचाई परियोजनाओं में देरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी को फाइलों से निकालकर धरातल पर लाया जा रहा है और नहरों को जोड़ने का काम शुरू हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित सभा में राजस्थान को 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर इनका शुभारंभ किया। इसी मंच से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री ने 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अजमेर जिले के केकड़ी की अंकिता कुमारी मीणा और रूपनगढ़ क्षेत्र के मुकेश प्रजापत को मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को आस्था और शौर्य की धरती बताते हुए कहा कि यहां तीर्थों और क्रांतिवीरों के पदचिह्न हैं। हाइफा युद्ध का उल्लेख करते हुए मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गत दिनों इजराइल की संसद में हाइफा की आजादी का गौरवगान करने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई शक्ति जुड़ने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी गति मिलेगी। कनेक्टिविटी बेहतर होने से निवेश और स्थानीय कारोबार को लाभ होगा।
एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं की धरती से यह अभियान शुरू हो रहा है। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मां स्वस्थ रहती है तो परिवार मजबूत रहता है।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। पूर्व में स्कूलों में शौचालय और सेनिटरी नेपकिन की कमी से छात्राओं को पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के खाते में सीधे सहायता राशि पहुंच रही है और उज्ज्वला योजना से धुएं से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था से पर्यटकों की संख्या बढ़ती है और होटल, ढाबे सहित कई परिवारों की रोजी-रोटी चलती है। राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।
Updated on:
28 Feb 2026 07:32 pm
Published on:
28 Feb 2026 07:31 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
