
अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली में शनिवार को जनसभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।
अजमेर (Ajmer news). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को बेइज्जत करने के लिए ड्रामा किया। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में गत दिनों दुनिया का सबसे बड़ा एआई सम्मेलन हुआ। इसमें कई देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, कई कंपनियों के कर्ता-धर्ता एकत्रित हुए। सभी ने इसकी प्रशंसा की।
इस दौरान पीएम ने जनसमूह से पूछा कि इस पर गर्व होता है कि नहीं होता, अभिमान हुआ कि नहीं, माथा ऊंचा हुआ कि नहीं, सीना चौड़ा हुआ कि नहीं... लेकिन कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। बेइज्जत करने के लिए ड्रामा किया। कांग्रेस हार का बदला देश को बदनाम कर लेती है। उन्होंने कांग्रेस पर पेपर लीक, रक्षा सौदों और सिंचाई परियोजनाओं में देरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी को फाइलों से निकालकर धरातल पर लाया जा रहा है और नहरों को जोड़ने का काम शुरू हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कायड़ विश्राम स्थली में आयोजित सभा में राजस्थान को 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बटन दबाकर इनका शुभारंभ किया। इसी मंच से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री ने 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। अजमेर जिले के केकड़ी की अंकिता कुमारी मीणा और रूपनगढ़ क्षेत्र के मुकेश प्रजापत को मंच पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को आस्था और शौर्य की धरती बताते हुए कहा कि यहां तीर्थों और क्रांतिवीरों के पदचिह्न हैं। हाइफा युद्ध का उल्लेख करते हुए मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गत दिनों इजराइल की संसद में हाइफा की आजादी का गौरवगान करने का अवसर मिला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई शक्ति जुड़ने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को भी गति मिलेगी। कनेक्टिविटी बेहतर होने से निवेश और स्थानीय कारोबार को लाभ होगा।
एचपीवी राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि वीरांगनाओं की धरती से यह अभियान शुरू हो रहा है। इससे महिलाओं के स्वास्थ्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मां स्वस्थ रहती है तो परिवार मजबूत रहता है।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को संबल देने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। पूर्व में स्कूलों में शौचालय और सेनिटरी नेपकिन की कमी से छात्राओं को पढ़ाई छोड़नी पड़ती थी। मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं के खाते में सीधे सहायता राशि पहुंच रही है और उज्ज्वला योजना से धुएं से राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था से पर्यटकों की संख्या बढ़ती है और होटल, ढाबे सहित कई परिवारों की रोजी-रोटी चलती है। राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। पीएम सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार रुपए की सहायता दी जा रही है और कई घरों में बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिन परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है, वे राज्य के विकास की मजबूत नींव रखेंगी।
कांग्रेस ने देश को एक देश एक पेंशन से वंचित रखा। कांग्रेस के राज में रक्षा सौंदों में घोटाले होते थे। बीते वर्षों में सेना ने हर मोर्चे पर दुश्मनों को हराया है। सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक
राजस्थान ने तो कुशासन को करीब से महसूस किया है। कांग्रेस ने किसानों को धोखा दिया। सिंचाई परियोजनाओं को लटकाए रखा। हमने ईआरसीपी को फाइलों से निकालकर धरातल पर लाने का प्रयास किया है। नहरों को जोड़ने का काम शुरू किया गया है। भूजल स्तर ऊपर उठे इसके लिए योजनाएं बना रहे हैं।
Published on:
28 Feb 2026 03:37 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
