अहमदाबाद, May 28, 2026

अहमदाबाद जोन 5 एलसीबी की गिरफ्त में आरोपी।
Ahmedabad. शहर के जोन 5 उपायुक्त की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) की टीम ने एक ऐसे चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सेंधमार चोरी की घटना को अंजाम के लिए किराए पर टैक्सी करके क्षेत्र में जाता था। इस गिरोह से जुड़़े तीन आरोपियों को पकड़ा है। इनके पास से डेढ़ लाख रुपए की नकदी जब्त की है। पूछताछ में नरोडा थाने में दर्ज मामले की गुत्थी सुलझी है।
पकड़े गए आरोपियों में एक का नाम फरानखान उर्फ टेणीमेणी पठान (18) हैं, जो गोमतीपुर चार तोड़ा कब्रस्तान के पास रहता है। शहरकोटडा माधूभाई मिल कंपाउंड निवासी फरहाज अंसारी (19) और गोमतीपुर पतरावाली चाली के पास रहने वाला मो.उमेर अंसारी (18) भी शामिल हैं। पकड़े गए तीनों ही आरोपी 20 साल से कम आयु के हैं। इनके साथ एक नाबालिग भी शामिल है। टीम ने सूचना के आधार पर इन्हें पकड़ा है। इनके पास से डेढ़ लाख रुपए की नकदी, दो मोबाइल फोन सहित एक लाख 62 हजार का मुद्दामाल जब्त किया है।
जांच में सामने आया कि इन आरोपियों और किशोर ने मिलकर चोरी की योजना बनाई। ये पकड़ में न आएं इसके लिए ऑनलाइन कैब सर्विस से कैब को बुक करके बंद मकान की रैकी करने के बाद मकान के आसपास पहुंचते थे। फिर वहां पर चोरी को अंजाम देते थे। जांच में सामने आया कि आरोपी फरानखान ,जब नाबालिग था तभी से वाहन चोरी का काम करता था। उसके बाद उसने उसके एक मित्रों का गिरोह बनाया। खुद उसका लीडर बना और शहर में सेंधमार चोरियों, वाहन चोरियों को अंजाम देने लगा। यह पहले बंद मकानों की रैकी करता है, उसके बाद मित्रों के साथ वहां जाकर चोरी को अंजाम देता है।
जांच में सामने आया कि फरान के विरुद्ध में सेंधमार चोरी के गायकवाड़ हवेली और नवरंगपुरा थाने में दो मामले, गोमतीपुर, अहमदाबाद रेलवे पुलिस और ओढव थाने में वाहन चोरी के तीन और कालूपुर में एक चेन स्नेचिंग का मामला दर्ज है। फरहाज के विरुद्ध नवरंगपुरा और गोमतीपुर थाने में तीन मामले दर्ज हैं और पासा भी हो चुकी है। किशोर के विरुद्ध भी नवरंगपुरा थाने में सेंधमार चोरी का मामला दर्ज है। इसकी नरोडा थाने में दर्ज सेंधमार चोरी की वारदात में भी लिप्तता सामने आई है।
Published on: 28 May 2026 11:13 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।