
उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। थाना शाहगंज क्षेत्र के अर्जुन नगर (नगला पोप) में एक भाई ने अपनी ही बहन की गोली मारकर हत्या कर दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय अनीता कुशवाहा के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ अर्जुन नगर स्थित घर में रहती थीं। उनके पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे लंबे समय से चल रहा पैसों का विवाद है।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी हरी सिंह (उर्फ रवि) कुछ साल पहले मारपीट में जेल गया था। जेल जाने से पहले उसने कुछ रुपए अपनी बहन अनीता के पास रखे थे। करीब 4 साल पहले वह जेल से रिहा हुआ। तब अनीता ने ही उसकी जमानत कराई थी और आर्थिक मदद भी की थी।
जेल से बाहर आने के बाद हरी सिंह लगातार बहन से अपने पैसे मांग रहा था। अनीता आर्थिक तंगी की वजह से पैसे नहीं लौटा पा रही थी। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था।
परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी बहन पर हमला करने की कोशिश कर चुका था और परिवार ने उससे दूरी बना ली थी। बुधवार रात अनीता अपने पति और एक परिचित के साथ एक शादी समारोह से घर लौटी। तभी हरी सिंह अपने कुछ साथियों के साथ पहुंच गया और फिर से पैसों की मांग करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी बहस में बदल गई।
गुस्से में आकर आरोपी ने तमंचा निकाला और अपनी बहन के सिर पर गोली मार दी। गोली लगते ही अनीता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
हत्या के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार रो-रोकर बेहाल हैं। मृतका की बहनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बड़ी बहन राजश्री ने कहा कि आरोपी का स्वभाव आपराधिक रहा है और परिवार ने उससे संबंध तोड़ लिए थे। उन्होंने गुस्से में कहा कि जिसने बहन की जान ली, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।
वहीं छोटी बहन मंजू ने बताया कि जमानत के लिए दिए गए जेवर बेच दिए गए थे, लेकिन आरोपी को शक था कि बहन ने जेवर अपने पास रख लिए हैं। इसी शक ने दोनों के बीच रंजिश को और बढ़ा दिया।
डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद में हत्या की बात सामने आई है। परिवार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Updated on:
05 Feb 2026 02:49 pm
Published on:
05 Feb 2026 02:10 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
