भारत, Jun 06, 2026

तेलंगाना की छात्र की शिकागो मेट्रो स्टेशन पर दुर्घटना। ( प्रतीकात्मक फोटो: ANI)
Chicago Metro Accident : अमेरिका के शिकागो से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के इलिनोइस विश्वविद्यालय में एमएस द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही तेलंगाना के मंचरियाल की 22 वर्षीय भारतीय छात्रा स्पंदना एक भीषण हादसे का शिकार हो गई है। कॉलेज से अपने कमरे पर लौटते समय शिकागो के मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों से अचानक पैर फिसलने के कारण वह लगभग 25 फीट की ऊंचाई से नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही हैं।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही भारत में रह रहे उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्पंदना के पिता श्रीनिवास पेशे से एक साधारण टैक्सी ड्राइवर हैं। उन्होंने नम आंखों से अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, 'मैंने अपनी बेटी के सुनहरे भविष्य के लिए 10 लाख रुपये से अधिक का कर्ज लेकर साल 2025 में उसे उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका भेजा था। आज मेरी बेटी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। उसके रूम मेट्स ने मुझे तुरंत अमेरिका आने के लिए कहा है, लेकिन मेरी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि मेरे पास न तो वहां जाने के पैसे हैं और न ही मेरा पासपोर्ट बना हुआ है।'
गंभीर आर्थिक तंगी और बेबसी के इस दौर में पीड़ित परिवार ने स्थानीय विधायक से मुलाकात कर मदद मांगी है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार, तेलंगाना राज्य सरकार और आम जनता से हाथ जोड़कर भावुक अपील की है कि उन्हें जल्द से जल्द बेटी के पास पहुंचाने और उसके इलाज की व्यवस्था कराने में मदद की जाए। (इनपुट: ANI)
Telangana student Chicago accident news.
Short Photo Description: 22-year-old Indian student Spandana critically injured after falling from a metro station in Chicago.
शिकागो में दिल दहला देने वाला हादसा, मसीहा की तलाश में पीड़ित परिवार
Updated on: 06 Jun 2026 06:16 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।