
लंदन की ट्रेन में हमला। (फोटो- X/@SarahAllisonFl)
ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर से एक बड़ी खबर सामने आई है। शनिवार शाम लंदन जाने वाली एक ट्रेन में कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया। इस घटना के बाद पूरी ट्रेन में दहशत का माहौल छा गया।
अधिकारियों ने इस दुर्दांत घटना को देखते हुए तुरंत हंटिंगडन में ट्रेन को रोक दिया। जिसके बाद, पुलिस ने इस घातक हमले में शामिल दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
उधर, आपातकालीन दल ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में 10 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से नौ की हालत गंभीर है।
स्थानीय प्रशासन ने इस संकट से निपटने के लिए पुलिस के साथ मिलकर काम करने की बात कही है। अधिकारियों ने कहा कि उन्हें शाम 7:39 बजे (स्थानीय समयानुसार) हमले के बारे में सूचना मिली। उन्हें बताया गया कि ट्रेन में कई लोगों पर चाकू से हमला हुआ है।
उधर, पुलिस ने भी इस हमले को लेकर बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद पुलिस की टीम पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंची। ट्रेन को हंटिंगडन में रोका गया, जहां दो लोगों की गिरफ्तारी हुई। फिलहाल, हमले की वजह सामने नहीं आई है।
वहीं, ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सेवा ने यह घटना के बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। कई एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
उधर, ब्रिटेन के तमाम बड़े नेताओं ने इस हमले की घोर निंदा की है। साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की भी अपील की है। प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया।
जिसमें उन्होंने कहा कि हंटिंगडन के पास ट्रेन में हुई भयावह घटना बेहद चिंताजनक है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं। आपातकालीन सेवाओं को उनकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद। प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को पुलिस की सलाह माननी चाहिए।
वहीं, गृह मंत्री शबाना महमूद ने भी दुख व्यक्त किया। महमूद ने कहा कि इस हमले के बाद दो संदिग्धों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। मुझे जांच के बारे में लगातार अपडेट मिल रहे हैं।
इसके अलावा, ब्रिटेन के एक और मंत्री क्रिस फिलिप ने इस हमले को बेहद क्रूर बताया। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं उन सभी घायलों या प्रभावितों और आपातकालीन सेवाओं के साथ हैं जो इस घटना में शामिल हैं। पुलिस और सरकार को जल्द से जल्द इस बारे में जानकारी देनी चाहिए कि क्या हुआ और किसे गिरफ्तार किया गया है।
Published on:
02 Nov 2025 09:43 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग

