भारत, May 29, 2026

इज़रायल ने लेबनान में तेज़ की बमबारी (File Photo)
लेबनान (Lebanon) के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के खिलाफ इज़रायल (Israel) की जंग जारी है। हिज़बुल्लाह को खत्म करने के लिए इज़रायली सेना ने साउथ लेबनान में बमबारी तेज़ कर दी है। कई शहरों और गांवों के लोगों को इज़रायली सेना ने जल्द से जल्द अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कह दिया है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इज़रायली सेना के ताज़ा हमलों में 19 लोगों की मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि इनमें से 6 लोग एक ही परिवार के थे। ये सभी एड्लौन राजमार्ग के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे लेकिन तभी इज़रायली ड्रोन का शिकार बन गए और मारे गए।
इज़रायली सेना के हमले में 58 लोग घायल भी हो गए हैं, जिसकी जानकारी लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों और चिकित्सा शिविरों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इज़रायली सेना की एयरस्ट्राइक से देश की राजधानी बेरूत (Beirut) के दक्षिण में एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। इससे पहले इज़रायल की सेना ने शहर पर सटीक हमला करने का दावा किया था। लेबनान की राजधानी पर तीन हफ्ते में यह पहला हमला था।
इज़रायली सेना के साउथ लेबनान पर हमले जारी हैं। इज़रायल ने 2 मार्च से लेबनान पर हमले तेज़ कर दिए। 16 अप्रैल को पहली बार दोनों देशों में 10 दिन के सीज़फायर पर सहमति बनी थी, लेकिन इज़रायल ने इस दौरान भी हमले नहीं रोके। इसकी डेडलाइन खत्म होने के बाद सीज़फायर को 3 हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया था, लेकिन इज़रायल ने इस दौरान भी सीज़फायर उल्लंघन किया। 15 मई को एक बार फिर दोनों देशों के बीच 45 दिन के सीज़फायर की सहमति बनी, लेकिन अभी भी इज़रायल के हमले रुक नहीं रहे और सीज़फायर का असर नहीं हो रहा है। इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने भी अपनी सेना से हिज़बुल्लाह पर हमले तेज़ करने के लिए कह दिया है। उनके अनुसार इज़रायली सेना हिज़बुल्लाह को निशाना बनाते हुए लेबनान पर हमले करती रहेगी।
संबंधित विषय:
Updated on: 29 May 2026 09:07 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।