भारत, May 25, 2026

Donald Trump (Photo - Washington Post)
अमेरिका (United States of America) और ईरान (Iran) के बीच बातचीत आखिरी चरण में है और जल्द ही दोनों देशों के बीच डील फाइनल हो सकती है। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इस बारे में जानकारी दी है। हालांकि इस बात की उम्मीद जताई जा रही थी कि रविवार को ही दोनों देशों के बीच डील की घोषणा हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी बीच अब ट्रंप ने इस मामले पर एक और बयान दिया है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "अगर मैं ईरान के साथ कोई डील करता हूं, तो वो अच्छी और उचित होगी, ओबामा की डील जैसी नहीं, जिसने ईरान को भारी मात्रा में धनराशि दी और परमाणु हथियार बनाने का साफ रास्ता खोल दिया। हमारी डील बिल्कुल विपरीत है, लेकिन इसे किसी ने देखा नहीं है और न ही कोई जानता है कि यह क्या है। इस पर अभी पूरी बातचीत भी नहीं हुई है। इसलिए उन फालतू लोगों की बात मत सुनो, जो ऐसी चीज़ की आलोचना कर रहे हैं जिसके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं है। मुझसे पहले के उन लोगों के विपरीत, जिन्हें इस समस्या का समाधान कई साल पहले कर देना चाहिए था, मैं खराब डील्स नहीं करता।"
ईरान के परमाणु प्रोग्राम पर संशय अभी भी बरकरार है। दो अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया है कि अमेरिका से डील के तहत ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) सरेंडर करने के लिए तैयार हो गया है। ईरान के परमाणु प्रोग्राम के लिए संवर्धित यूरेनियम बेहद ही अहम है और इसी वजह से ट्रंप शुरू से ही चाहते थे कि ईरान के पास यूरेनियम न रहे। हालांकि ईरान शुरू से ही इसे सरेंडर करने के खिलाफ रहा है, लेकिन अब बताया जा रहा है कि ईरान ऐसा करने के लिए राजी हो गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट ने भी इसका दावा किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार ईरान के संवर्धित यूरेनियम के निपटान की सटीक प्रक्रिया पर अभी बातचीत होनी बाकी है। क्या इसे स्थानांतरित किया जाएगा, इसकी गुणवत्ता पूरी तरह से घटाई जाएगी या किसी अन्य तरीके से इसे निष्क्रिय किया जाएगा, फिलहाल इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। वहीँ ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस दावे का खंडन कर दिया है।
संबंधित विषय:
Updated on: 25 May 2026 01:22 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।