भारत, May 29, 2026

भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी और इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (File Photo)
इज़रायल (Israel) के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने गुरुवार को वेस्ट बैंक में एक सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस सम्मेलन के दौरान उन्होंने भारत (India) की जमकर तारीफ की। नेतन्याहू ने कहा, “दुनिया के अधिकांश हिस्सों में हम अमान्यता की समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन भारत में नहीं। भारत में इज़रायल के प्रति बहुत प्यार है। हमें भारत से बहुत समर्थन मिलता है। भारतीय लोग इज़रायल से ज़बरदस्त प्यार करते हैं।"
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स में भारत से सबसे ज़्यादा संख्या है। नेतन्याहू का यह बयान इज़रायल के लिए वैश्विक चुनौतियों के बीच आया है जब गाज़ा युद्ध, फिलिस्तीनी मुद्दे और अंतर्राष्ट्रीय अदालतों में इज़रायल की आलोचना के बाद कई देशों में इज़रायल की छवि खराब हुई है। विरोध प्रदर्शन और कुछ पश्चिमी सरकारों की आलोचना ने इज़रायल को अलग-थलग करने की कोशिशें तेज़ कर दी हैं, लेकिन नेतन्याहू के अनुसार भारत में ऐसा नहीं है।
भारत-इज़रायल के बीच मज़बूत संबंध हैं। 1992 में पूर्ण राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, साइबर सुरक्षा और हाई-टेक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। रक्षा के क्षेत्र में इज़रायल, भारत का अहम आपूर्तिकर्ता है। बाराक, स्पाइक मिसाइलें, ड्रोन और खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान ने दोनों देशों के डिफेंस को मज़बूती दी है।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंध और मज़बूत हुए हैं। जुलाई 2017 में इज़रायल के पहले दौरे के बाद फरवरी 2026 में पीएम मोदी एक बार फिर इज़रायल के दौरे पर गए थे और इस दौरान नेतन्याहू ने उनका शानदार स्वागत किया था। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी ने दोनों देशों की पार्टनरशिप को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” घोषित किया। दोनों देशों के बीच कई समझौते हुए, जिसमें रक्षा, एआई, व्यापार और इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल थे। पीएम मोदी ने यह भी कहा था कि भारत, इज़रायल के साथ पूर्ण विश्वास के साथ खड़ा है। वहीँ नेतन्याहू ने भी साफ कर दिया है कि भारत को इज़रायल की तरफ से हमेशा समर्थन मिलेगा। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भी दोनों देशों ने हमेशा एक-दूसरे को पूरा समर्थन देने की बात कही है।
संबंधित विषय:
Updated on: 29 May 2026 10:22 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।