देशभर में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों के लिए मौसम को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 9, 10 और 11 जनवरी को उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार और केरल में भारी बारिश होने की संभावना है। ये अलर्ट उन इलाकों के लिए चिंता का विषय हो सकता है जो पहले से ही शीतलहर की चपेट में हैं। पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तरी मध्य प्रदेश में पारा 0 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
