फाल्गुन शुक्ल की अमलाकी एकादशी खाटू श्याम भक्तों ने रंगभरी एकादशी के रूप में मनाई। शुक्रवार को शहर के खाटू श्याम मंदिरों में बाबा का आकर्षक शृंगार के साथ ही फागोत्सव मनाया गया। श्याम भक्तों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया, फूलों और इत्र की बारिश की। खाटू श्याम मंदिरों में भजनों का आयोजन भी किया गया। बाहर से आए गायकों ने खाटू श्याम बाबा के भजनों से समां बांध दिया।
शहर का मुख्य आयोजन खंडवा नरेश खाटू श्याम मंदिर आइटीआइ के पीछे हुए। यहां दिल्ली, हैदराबाद से बुलाए गए फूलों से बाबा का आकर्षक शृंगार किया गया। सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भीड़ उमड़ी। शाम को शृंगार के बाद महाआरती का आयोजन हुआ। इसके बाद उत्तर प्रदेश से आई गायिका काजल प्रजापति व स्थानीय कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, रामनगर स्थित रामनगर नरेश खाटू श्याम मंदिर में भी फागोत्सव मनाया गया। यहां फूलों और इत्र की बारिश की गई। बाबा का आकर्षक शृंगार भी हुआ। रात्रि में भजन संध्या हुई।
फूलों से खेली होली
माता चौक लखदातार खाटू श्याम मंदिर में बाबा का दरबार सजा। फूलों की होली के साथ यहां भी बाहर से आए गायकों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई। शनिवार को यहां भंडारा प्रसादी का भी आयोजन होगा। वहीं, गौतम नगर में खाटू श्याम भक्तों द्वारा बाबा का दरबार सजाया गया। प्रमिला शर्मा ने बताया फूलों की होली के साथ कीर्तन का भी आयोजन हुआ। रामेश्वर नरेश खाटू श्याम मंदिर में भी फूलों की होली का आयोजन किया गया। बड़ाबम स्थित श्रीराम मंदिर में श्याम भक्तों ने भजन किए। महादेवी नगर में भी फूलों की होली के साथ भजन कीर्तन हुए।