दुर्घटना ग्राम गुजरखेड़ी के पास शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे की है। ग्राम चिकठीखाल में रहने वाले 37 वर्षीय राधु उर्फ राधेलाल पिता बाबूलाल की मौत हुई है। राधु अपने 28 वर्षीय दोस्त लोकेंद्र उर्फ लोकेश पिता रामसिंह के साथ गांव से इंदौर जाने के लिए निकला था। दोनों दोपहर में बाइक से घर से निकले थे। इंदौर जाते समय गुजरखेड़ी के पास सामने से आ रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग बाइक सहित सड़क पर गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से राधु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल लोकेश वहीं पड़ा हुआ था।
इस बीच वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण एक व्यक्ति ने घायल लोकेश को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाया। इधर पुनासा पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई थी। चौकी प्रभारी एसआइ राजेंद्र सयदे ने बताया कि दोनों लोग एक ही गांव के रहने वाले है। घायल लोकेश को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है।