इदौर. तीन साल बाद नगर निगम में एक बार फिर से जनसुनवाई शुरू हुई। इस दौरान नगर निगम के अलग-अलग अधिकारी अलग-अलग कमरों में बैठकर जनता की समस्याओं को सुनते रहे। इस दौरान निगमायुक्त के समक्ष 55 लोगों ने अपनी परेशानी रखी। वहीं उनके अलावा अन्य अफसरों के समक्ष भी जनता समस्याओं को लेकर पहुंची। पहले ही दिन 72 आवेदन आए। जनसुनवाई को लेकर निगमायुक्त हर्षिका सिंह का कहना था कि जो शिकायतें आई हैं, उनको संबंधित विभागों में भेजकर उनका निराकरण करवाया जाएगा।
निगम बता रही 65 लाख बकाया – इसी तरह से वार्ड 72 में आने वाले अर्चना नगर के रहवासी भी पहुंचे थे। उनका आरोप था कि सी-1 से लेकर सी-12 तक के बिल्डिंग पर नगर निगम संपत्तिकर के 65 लाख रुपए बकाया बता रहा है। निगम के अधिकारी बार-बार उनकी बिल्डिंग सील करने की धमकी दे रहे हैं। जबकि उनके सभी के नगर निगम में संपत्तिकर के खाते खुले हुए हैं।