28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Virosh Wedding: बहू रश्मिका को ‘देवरकोंडा फैमिली’ ने भेंट की खानदानी चूड़ियां, जानें ‘मंदाना फैमिली’ से दामाद विजय को क्या मिला गिफ्ट ?

Udaipur Royal Wedding: उदयपुर की शाही वादियों में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। निजी समारोह में दोनों परिवारों की परंपराएं और गिफ्ट्स खास आकर्षण बने, बहू रश्मिका को देवरकोंडा परिवार की खानदानी चूड़ियां मिलीं।

3 min read
Google source verification
Virosh wedding

फोटो: सोशल मीडिया

Rashmika Mandanna Weds Vijay Deverakonda: झीलों की नगरी गुरुवार को फिल्मी सितारों की शाही शादी की साक्षी बनी। दक्षिण भारतीय अदाकारा रश्मिका मंदाना और सुपरस्टार विजय देवरकोंडा ने उदयपुर के मोमेंटोज इकाया होटल में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। शादी को बेहद निजी रखा गया, इसमें दोनों परिवारों और करीबी दोस्तों समेत करीब 200 मेहमान ही शामिल हुए।

सुबह तेलुगु रीति से, शाम को कोडवा परंपरा से विवाह

रश्मिका कर्नाटक के कोडवा समुदाय से आती हैं, जबकि विजय तेलुगु हिंदू परिवार से संबंध रखते हैं। इसी कारण दोनों परिवारों ने अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार रस्में निभाईं। सुबह 8 बजे से तेलुगु परंपरा के तहत विवाह की विधियां शुरू हुईं। पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक रीति से रस्में संपन्न हुईं। शाम 4 बजे से कोडवा रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह हुआ।

इस परंपरा में दुल्हन पारंपरिक साड़ी पहनती है, जबकि दूल्हा ‘कुप्प्या’ नामक कोट जैसी पोशाक और कमर में सजावटी खंजर धारण करता है, जो कोडवा समुदाय की योद्धा विरासत का प्रतीक माना जाता है। खास बात यह रही कि इस रस्म में मंत्रोच्चार के स्थान पर परिवार के बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया। पारंपरिक गीतों और सामूहिक नृत्य ने माहौल को और खास बना दिया।

ये मिले गिफ्ट

सुबह रश्मिका के माता-पिता ने दूल्हे के परिवार को नारियल, पान के पत्ते, फल, मिठाई और हल्दी-कुमकुम भेंट किए। इसके बाद विजय की मां माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को खानदानी चूड़ियां भेंट कर परिवार में स्वागत किया। हल्दी और मेहंदी की रस्म एक दिन पहले बुधवार को संपन्न हुई थी, इसकी तस्वीरें दोनों कलाकारों ने अपने इंस्टाग्राम पर साझा की थीं।

फूलों से सजा मंडप, होटल में शाही इंतजाम

शादी के लिए होटल को गुलाब, ऑर्किड और ट्यूलिप फूलों से सजाया गया था। मंडप को कच्चे केले के पेड़ों और बड़े हरे पत्तों से पारंपरिक अंदाज में तैयार किया गया। समारोह समाप्त होने के बाद दूल्हे के परिवार के सदस्य होटल के बाहर आए और मिठाई बांटकर खुशियां साझा कीं।

बॉलीवुड कनेक्शन भी चर्चा में

रश्मिका मंदाना हाल ही में एनिमल में रणबीर कपूर के अपोजिट नजर आई थीं। वहीं विजय देवरकोंडा ने बॉलीवुड फिल्म लाइगर में अभिनय किया है। रश्मिका को उनके फैंस ‘नेशनल क्रश’ के नाम से भी जानते हैं।

खास मेहमान और नो-फोन पॉलिसी

शादी में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से कई खास मेहमान पहुंचे। इनमें एक्टर-डायरेक्टर राहुल रविंद्रन, फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा, एक्ट्रेस आशिका रंगनाथ, डायरेक्टर तरुण भास्कर, एक्ट्रेस ईशा रेब्बा और स्टाइलिस्ट श्रव्या वर्मा शामिल रहे। सभी मेहमान हल्दी और मेहंदी समारोह में भी मौजूद थे। समारोह में ‘नो फोन पॉलिसी’ लागू की गई, ताकि शादी की निजता बनी रहे।

डीजे नाइट और मल्टी-कुज़ीन मेन्यू

शाम को इवनिंग डीजे नाइट का आयोजन किया गया, इसके लिए मशहूर डीजे गणेश रंगनाथन उदयपुर पहुंचे। वे देश के कई हाई-प्रोफाइल समारोहों में प्रस्तुति दे चुके हैं। मेहमानों के लिए साउथ इंडियन और पंजाबी व्यंजनों के साथ जापानी डिशेज भी परोसी गईं।

शादी के बाद किए फोटो शेयर

विवाह के बाद दोनों सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से फोटोज शेयर करते हुए नई पहचान दी। रश्मिका मंदाना ने पोस्ट में विजय देवरकोंडा को अपना “पति” बताते हुए लिखा कि विजय वही शख्स हैं, जिन्होंने उन्हें सच्चे प्यार, भरोसे और सुकून का अर्थ समझाया। उन्होंने साझा किया कि विजय ने हमेशा उनके बड़े सपनों का सम्मान किया, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर कठिन दौर में साथ खड़े रहे। रश्मिका ने लिखा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें विजय का समर्थन और विश्वास अहम रहा है।

वहीं विजय देवरकोंडा ने भी अपने दिल की बात खुलकर कही। उन्होंने लिखा कि रश्मिका की कमी उन्हें हर छोटे-छोटे पल में महसूस होती थी, चाहे वह साथ में खाना खाना हो या वर्कआउट करना। विजय ने कहा कि रश्मिका के साथ उन्हें “घर जैसा सुकून” मिलता है, एक ऐसी शांति जो शब्दों में बयान करना आसान नहीं। उन्होंने बताया कि अपनी सबसे अच्छी दोस्त को जीवनसाथी बनाने का फैसला उनके जीवन का सबसे खूबसूरत निर्णय है।सोशल मीडिया पर साझा किए गए इन संदेशों ने फैंस को भावुक कर दिया और दोनों को शुभकामनाओं का तांता लग गया।

परंपरा और सादगी का संगम

शादी के अवसर पर रश्मिका गहरे नारंगी और लाल रंग की रेशमी साड़ी में बेहद सुंदर नजर आईं। साड़ी पर सुनहरी ज़री का बारीक काम था। उन्होंने पारंपरिक स्वर्ण आभूषण, माथा पट्टी और कंगन पहने, जिससे उनका लुक और निखर गया। विजय ने सफेद रेशमी मुंडू (धोती) पहनी, जिसके किनारों पर सुनहरी कासावु पट्टी थी। कंधे पर लाल रंग का अंगवस्त्रम लिया, जो दुल्हन की साड़ी से मेल खा रहा था। विवाह स्थल को केले के पत्तों, ताजे फलों और फूलों की मालाओं से सजाया गया। दोनों ने लाल फूलों की वरमाला पहनाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी संपन्न की।