बीजेपी शासित राज्यों में गोमांस पर बैन लगाने का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र और हरियाणा में गोहत्या और गोमांस के व्यापार पर प्रतिबंध लगने के बाद अब झारखंड में भी गोहत्या और बिक्री पर बैन लगा दिया गया है।
झारखंड के मुख्य सचिव राजीव गौबा ने गृह और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव के निर्देश पर पशुपालन विभाग के उपायुक्तों को पत्र लिखकर कहा गया कि झारखंड में गोहत्या दंडनीय है। गोमांस का व्यापार पूरी तरह से प्रतिबंधित है और इसे सख्ती से लागू किया जाए।
पशुपालन विभाग के साथ बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने गोमांस कानून को सख्ती से लागू करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बतया कि मारने के लिए बाहर से लाए जा रहे पशुओं को जब्त किया जाएगा और इसे किसानों को देने के नियम पर काम हो रहा है।
गौरतलब है कि झारखंड से पहले महाराष्ट्र और हरियाणा में गोहत्या और गोमांस पर बैन लगाया गया था। हालांकि झारखंड में गोहत्या पर 2005 से ही प्रतिबंध है, लेकिन अब इसे पूरी तरह से बैन करने का आदेश दिया गया है। साथ ही गोमांस के व्यापार पर भी प्रतिबंध है।