
Renu Desai Reply to Her Trollers (सोर्स- इंस्टाग्राम)
Pawan Kalyan Ex Wife Renu Desai on Trolling: तेलुगु सिनेमा की अभिनेत्री, निर्देशक और सामाजिक कार्यकर्ता रेणु देसाई एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह न तो कोई फिल्म है और न ही निजी जिंदगी से जुड़ा कोई फैसला, बल्कि सड़क पर रहने वाले बेजुबान जानवरों के हक में उठाई गई उनकी आवाज है। हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रेणु का गुस्सा सामने आया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। लेकिन इन सबके बीच रेणु देसाई ने साफ कर दिया कि वह डरने वालों में से नहीं हैं।
रेणु देसाई ने हाल ही में वाराणसी के घाट पर नाव में बैठे हुए अपना एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो के साथ उन्होंने एक लंबा-चौड़ा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने कहा कि उनके पास न तो माता-पिता हैं, न कोई बड़ा भाई और न ही कोई पति, जो उन्हें ट्रोल्स और नफरत से बचा सके। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी नकारात्मकता उनके हिस्से आती है, वो उसे शांति से देवी मां और महादेव के सामने रख देती हैं, क्योंकि वही उनके दर्द और आंसुओं को समझते हैं।
रेणु ने ये भी साफ किया कि उन्होंने कभी सार्वजनिक मंच पर अपने निजी अधिकारों के लिए लड़ाई नहीं लड़ी। लेकिन जब बात मासूम जानवरों की जान की आती है, तो वो चुप नहीं रह सकतीं। उन्होंन लिखा- 'मैं चिल्लाऊंगी और बताऊंगी कि कुछ आक्रामक कुत्तों की वजह से सभी बेगुनाह स्ट्रीट डॉग्स को मार देना न सिर्फ गलत है, बल्कि अमानवीय भी है।' उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि चाहे लोग उनके बारे में कितना भी जहर उगल लें, वो अपनी लड़ाई जारी रखेंगी।
दरअसल, ये पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब रेणु देसाई स्ट्रीट डॉग्स को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित एक प्रेस मीट में शामिल हुई थीं। वहां किसी व्यक्ति से उनकी तीखी बहस हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुरुआत में यह कहा गया कि रेणु मीडिया पर चिल्ला रही थीं, लेकिन बाद में उन्होंने खुद सामने आकर सच्चाई बताई। रेनु के मुताबिक, वह व्यक्ति करीब 55 साल का था, जिसने न सिर्फ उनसे बदतमीजी की बल्कि उन्हें मारने की कोशिश भी की।
इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनकी निजी जिंदगी को निशाना बनाना शुरू कर दिया। ट्रोल्स ने उनके पूर्व पति पवन कल्याण और बच्चों तक को घसीट लिया। इस पर रेणु देसाई बेहद आहत नजर आईं। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी सामाजिक मुद्दे पर लड़ने का उनके निजी रिश्तों से क्या लेना-देना है। कुछ लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि उन्हें सबक तब मिलेगा जब उनके बच्चों को कुत्ते काटेंगे, जिसे सुनकर रेनु का दर्द छलक पड़ा।
रेणु ने कहा कि वह सिर्फ जानवरों के लिए नहीं, बल्कि इंसानी जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवाज उठा रही हैं। उन्होंने कहा, 'एक मां होने के नाते मैं जीवन की कीमत समझती हूं और किसी के लिए ऐसी बातें कहना नफरत से भरा है।'
गौरतलब है कि रेणु देसाई और पवन कल्याण की शादी 2009 में हुई थी, लेकिन 2012 में दोनों अलग हो गए। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी परवरिश रेणु अकेले कर रही हैं। तमाम मुश्किलों और ट्रोलिंग के बावजूद रेणु देसाई ने साफ तौर पर कह दिया कि वो न झुकेंगी और न ही चुप रहेंगी।
Updated on:
20 Jan 2026 03:09 pm
Published on:
20 Jan 2026 03:07 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
