मुंबई, May 29, 2026

राम चरण और पीएम मोदी
Ram Charan meets PM Narendra Modi Delhi: साउथ सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आने वाली मच-अवेटीड स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'पेड्डी' (Peddi) को लेकर जबरदस्त चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, मेकर्स और स्टारकास्ट इसके प्रमोशन में जी-जान से जुटे हैं। ये फिल्म आने वाली 4 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उससे पहले फिल्म के इसी प्रमोशन टूर के सिलसिले में 'पेड्डी' की पूरी टीम देश की राजधानी दिल्ली पहुंची थी। दिल्ली में प्रमोशन के दौरान राम चरण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक खास मुलाकात की। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने उन्हें पश्चिम बंगाल का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वर खुद हैरान रह गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई इस मुलाकात के अनुभवों को राम चरण ने मीडिया के साथ शेयर किया। अभिनेता ने बताया कि जब वह दिल्ली में अपनी फिल्म का प्रमोशन कर रहे थे, तो उन्हें पीएम मोदी से मिलने का सौभाग्य मिला। इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने बहुत ही गर्मजोशी से राम चरण से उनकी फिल्म 'पेड्डी' की कहानी और उसके विषय के बारे में पूछा। राम चरण ने उन्हें बताया कि यह फिल्म गांवों और वहां के युवाओं को खेल के जरिए मजबूत बनाने के विचार पर आधारित है।
इस पर पीएम मोदी ने भी बेहद प्रभावित होकर अपने चुनाव प्रचार के दिनों का एक बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक किस्सा राम चरण को सुनाया। पीएम मोदी ने बताया कि जब वह पश्चिम बंगाल के एक इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे, तो उन्होंने वहां कुछ स्थानीय युवाओं के एक ग्रुप को देखा। उन युवाओं ने ऊपर खेल की जर्सी पहनी हुई थी और नीचे पारंपरिक धोती। जब प्रधानमंत्री ने उनके बारे में पूछताछ की, तो पता चला कि वह सभी युवा एक बेहद सुदूर गांव से ताल्लुक रखते हैं।
पीएम मोदी ने आगे बताया कि करीब 40 साल पहले उसी गांव के 'मोहम्मद' नाम के एक आम इंसान ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर भारतीय फुटबॉल टीम में जगह बनाई थी। उस एक इंसान की कामयाबी का गांव पर ऐसा असर हुआ कि आज उस छोटे से गांव के 85 से ज्यादा युवा पेशेवर तरीके से फुटबॉल खेलते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि यह कहानी बताती है कि किसी एक इंसान की लगन, जिद और प्रेरणा पूरे समाज में कितना बड़ा और सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
प्रधानमंत्री की इस बात से सहमति जताते हुए राम चरण ने कहा कि उनकी फिल्म 'पेड्डी' की कहानी भी बिल्कुल इसी तर्ज पर बुनी गई है। यह फिल्म एक आदिवासी इलाके के एक ऐसे ही साधारण व्यक्ति के संघर्ष और उसकी लगन पर आधारित है, जो आगे चलकर अपने आसपास के लोगों की जिंदगी पर एक बहुत बड़ा और गहरा प्रभाव डालता है। राम चरण के मुताबिक, यह फिल्म दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें अंदर से झकझोरने और प्रेरित करने का काम भी करेगी।
बता दें, इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक बुच्ची बाबू सना ने किया है। फिल्म 'पेड्डी' में राम चरण के अपोजिट बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं, जो उनकी केमिस्ट्री को और खास बनाता है। जान्हवी के अलावा इस फिल्म में शिव राजकुमार, रवि, जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी जैसे भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार अलग-अलग और दमदार किरदारों में दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी को और भी ज्यादा खूबसूरत बनाने के लिए इसका संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जिसके गाने पहले ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं।
Updated on: 29 May 2026 11:12 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।