29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

श्री गंगानगर, May 29, 2026

सूरज की तपिश बनी कमाई का जरिया, सोलर ऊर्जा में श्रीगंगानगर बना नंबर वन

जिले की हजारों छतों पर लगे सोलर प्लांट न केवल उपभोक्ताओं के बिजली बिल कम कर रहे हैं, बल्कि डिस्कॉम के विद्युत तंत्र को भी बड़ी राहत दे रहे हैं।

Sri Ganganagar. Solar energy installed on the roof of a house in Vastunagar of the city

Sri Ganganagar. Solar energy installed on the roof of a house in Vastunagar of the city

  • पत्रिका एक्सक्लूसि-कृष्ण राम चौहान
  • श्रीगंगानगर.इस भीषण गर्मी में जहां जिले का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, वहीं तेज धूप अब लोगों के लिए राहत और कमाई का जरिया भी बन रही है। कभी बिजली कटौती और ओवरलोड की समस्या से जूझने वाला श्रीगंगानगर अब सूरज की बिजली से नई पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत श्रीगंगानगर जिला जोधपुर डिस्कॉम के 12 जिलों में पहले स्थान पर पहुंच गया है।जिले की हजारों छतों पर लगे सोलर प्लांट न केवल उपभोक्ताओं के बिजली बिल कम कर रहे हैं, बल्कि डिस्कॉम के विद्युत तंत्र को भी बड़ी राहत दे रहे हैं। दिन के समय में उपभोक्ता अपने घरों और प्रतिष्ठानों में सोलर ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं, जबकि अतिरिक्त बिजली सीधे ग्रिड में भेजी जा रही है। इससे बिजली की मांग का दबाव कम होने के साथ गर्मी में ओवरलोड की स्थिति पर भी नियंत्रण मिल रहा है।जिले में अब तक 33 हजार 232 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1 लाख 48 हजार 302 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट प्रस्तावित हैं। अब तक 19 हजार 375 उपभोक्ताओं के यहां 66 हजार किलोवाट क्षमता के प्लांट लगाए जा चुके हैं। इनमें से 18 हजार 508 प्लांट पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं और रोजाना औसतन 2 लाख 84 हजार यूनिट बिजली उत्पादन कर रहे हैं।

12 जिलों में कुल 1.23 लाख से अधिक आवेदन

योजना का सबसे बड़ा आकर्षण सब्सिडी है। जिले में अब तक 16 हजार 86 उपभोक्ताओं के खातों में 126.47 करोड़ रुपए की सब्सिडी सीधे ट्रांसफर की जा चुकी है। जिले में लगाए गए प्लांट्स की औसत क्षमता करीब 3.56 किलोवाट है। विशेषज्ञों के अनुसार साफ मौसम में 1 किलोवाट का सोलर प्लांट प्रतिदिन 4 से 4.5 यूनिट बिजली उत्पादन करता है, जबकि 5 किलोवाट का प्लांट 20 से 25 यूनिट तक बिजली बना सकता है। जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्र के 12 जिलों में कुल 1.23 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने वेंडर चयन, निरीक्षण और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले समय में सोलर ऊर्जा का दायरा और तेजी से बढ़ेगा।

फैक्ट फाइल

  • कुल आवेदन :33,232
  • प्रस्तावित क्षमता : 1,48,302 किलोवाट
  • स्थापित प्लांट : 19,375
  • चालू प्लांट : 18,508
  • रोजाना उत्पादन : 2.84 लाख यूनिट
  • वितरित सब्सिडी : 126.47 करोड़ रुपए
  • औसत प्लांट क्षमता : 3.56 किलोवाट

वर्जन

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत उपभोक्ताओं में अच्छा उत्साह है। सोलर प्लांट्स से उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ मिलने के साथ विद्युत तंत्र को भी राहत मिल रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

-केके कस्वां, मुख्य अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, बीकानेर संभाग।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें