श्रीगंगानगर। पानी निकासी की समस्या को लेकर निरीक्षण करने पहुंचे विधायक डूंगरराम गेदर के गनमैन का एक शख्स के साथ विवाद हो गया। स्थिति इतनी खराब हो गई कि गनर शख्स को थप्पड़ जड़ दिए। फिलहाल, विधायक ने बीच-बचाव करके मामले को शांत करा दिया।
सूरतगढ़ शहर में भारी बरसात के चलते विधायक डूंगरराम गेदर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने निकले थे। इस दौरान उन्होंने जलभराव के हालात देखे। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने की मांग की। वहीं श्रीगंगानगर बाइपास रोड पर पुराने वार्ड संख्या 42 में जल निकासी को लेकर विवाद हो गया।
नागरिकों ने जल निकासी अरोड़वंश कल्याण भूमि की ओर नाला खोलकर पानी निकासी की मांग की, जिस पर अरोड़वंश कल्याण समिति ने आपत्ति जताई। इस दौरान मौके पर हालात का जायजा लेने पहुंचे विधायक डूंगरराम गेदर के गनमैन का एक युवक के साथ विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर गनमैन ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया, जिससे माहौल गरमा गया और बात धक्का मुक्की तक पहुंच गई। हालांकि गनमैन ने युवक पर उसकी गन को छेड़ने तथा अपशब्द कहने का आरोप लगाया। बाद में विधायक व अन्य लोगों के बीचबचाव से मामला शांत हुआ।
Updated on:
02 Aug 2025 11:47 am
Published on:
02 Aug 2025 10:38 am