30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी, Mar 13, 2026

LPG गैस सिलेंडर को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा, कलेक्टर बंगले के सामने किया अनोखा प्रदर्शन

MP News: रसोई गैस की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। करीब 70–80 लोग खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए।

Public Outrage Erupts Over LPG Gas Cylinder shortage near sidhi collector bungalow mp news

Public Outrage Erupts Over LPG Gas Cylinder shortage (फोटो- Patrika.com)

LPG Gas Cylinder: सीधी शहर में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही बाधा को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा शुक्रवार को सड़कों पर दिखाई दिया। घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान लोग सुबह खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल गैस और अन्य ईंधनों की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की।

बताया गया कि पिछले तीन से चार दिनों से उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीण अंजनी गुप्ता ने बताया कि कई बार एजेंसी जाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। मजबूर होकर करीब 70 से 80 लोग खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंचे हैं ताकि प्रशासन उनकी समस्या सुने। (MP News)

एडवाइजरी के बाद भी बनी रही किल्लत

दरअसल, पिछले लगभग एक सप्ताह से सीधी शहर में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। कई पेट्रोल पंपों पर भी लोगों को ईंधन के लिए परेशान होना पड़ा। इसी बीच गुरुवार को कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर बीपी पांडे की ओर से एक एडवाइजरी जारी कर कहा गया था कि जिले में किसी भी प्रकार के पेट्रोलियम पदार्थ की कमी नहीं है और लोग सामान्य रूप से ईंधन प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि प्रशासन के इस दावे के विपरीत शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर कलेक्टर बंगले पहुंच गए, जिससे प्रशासनिक दावों पर सवाल खड़े होने लगे।

एसडीएम का बयान बना चर्चा का विषय

मामले में गोपद बनास के एसडीएम राकेश शुक्ला ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार के ईंधन की कमी नहीं है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि उन्हें गैस एजेंसी में जाकर समस्या का समाधान कराना चाहिए। एसडीएम ने कहा, “जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। आप लोग यहां क्यों आए हैं? गैस एजेंसी में जाइए, वहीं निराकरण होगा। यहां कुछ नहीं मिलेगा।”

एसडीएम के इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी भी देखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब गैस एजेंसियों में सिलेंडर उपलब्ध ही नहीं है तो आम लोग अपनी समस्या लेकर आखिर कहां जाएं। फिलहाल प्रशासन लोगों को समझाइश देकर वापस भेजने में जुटा रहा, लेकिन गैस आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं की नाराजगी अभी भी बनी हुई है। (MP News)

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें