MP Weather:मध्यप्रदेश में जानलेवा बारिश ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली है। बारिश-बाढ़ ने लोगों के घर तो तबाह किए ही साथ में कई मासूम जिंदगियां भी खत्म कर दी। श्योपुर में भारी बारिश के कारण ताऊ-भतीजे की जान चली गई। वहीं छिंदवाड़ा में दो किशोर बारिश से भरे नाले में डूब गए। घटना ने दोनों परिवारों को झकझोक कर रख दिया है। पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, श्योपुर जिले के ग्राम आमल्दा में पार्वती नदी की बाढ़ में बुधवार की शाम ताऊ-भतीजे डूब गए, जिनके आपस में लिपटे हुए शव गुरुवार सुबह उनके खेत में पड़े मिले। पुलिस ने बताया, राजेंद्र यादव (50) अपने भतीजे शिवम यादव (13) के साथ लेकर बुधवार शाम खेत पर गए थे। जब नहीं लौटे तो परिजनों ने खूब ढूंढा, फिर गुरुवार को नदी का पानी कम होने से शव दिखाई दिए। दरअसल पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ते देख गांव और नदी के बीच अपने खेत में रखे कुछ कृषि सामानों को हटाने के लिए गए थे। शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों से खूब तलाश किया, लेकिन नहीं मिले। गुरुवार सुबह जब नदी का जलस्तर कम हुआ तो दोनों के शव आपस में लिपटे हुए खेत में पड़े मिले। शुक्रवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दोनों बुधवार शाम खेत पर सामान हटाने गए थे। सुबह उनके शव खेत में मिले हैं। मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को दे दिए हैं।- शशि तोमर, थाना प्रभारी, श्योपुर देहात
वहीं दूसरी घटना एमपी के छिंदवाड़ा जिले के कोलधाना इलाके की है। यहां नाले में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय दिशांत चौरसिया और 15 वर्षीय फनी वर्मा के रूप में हुई है। घटना गुरूवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। दोनों किशोर अपने दोस्तों के साथ बोदर नाले में नहाने गए थे। नाले में पानी का बहाव तेज था और अचानक दोनों किशोर बह गए। दोनों के शव करीब 4 बजे पानी से बाहर निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Published on:
01 Aug 2025 02:16 pm