13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

विपक्षी को खाना खिलाया तो दबंगों ने बुजुर्ग को ‘मुर्गा’ बनाकर सड़क पर पीटा, पैरों पर रखवाया सिर

Shahjahanpur elderly man assault video : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में दबंगई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग को मुर्गा बनाकर माफी मंगवाई।

2 min read
Google source verification

बुजुर्ग को बनाया मुर्गा, PC- X

शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में दबंगई का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां कुछ युवकों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को बीच सड़क रोककर न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उन्हें जबरन ‘मुर्गा’ बनाकर अपमानित भी किया। दबंगों ने बुजुर्ग का सिर अपने पैरों पर रखवाकर उनसे माफी भी मंगवाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

यह घटना पुवायां थाना क्षेत्र के नाहिल गांव की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक बुजुर्ग को घेरकर गाली-गलौज कर रहे हैं और उन्हें मुर्गा बनने के लिए मजबूर कर रहे हैं। आरोपी युवक बार-बार कह रहे हैं कि अगर वह आगे भी विरोधी पक्ष की मदद करेंगे तो उन्हें दोबारा इसी तरह सजा दी जाएगी।

पुराने विवाद से जुड़ा मामला

जानकारी के मुताबिक, गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस मामले में 5 मार्च को एक पक्ष की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग ब्राह्मण समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया था।

इसी दौरान गांव के रहने वाले बुजुर्ग लालू गुप्ता पर आरोप लगा कि उन्होंने गिरफ्तार किए गए लोगों की मदद की। बताया जाता है कि जब आरोपी थाने में थे, तब लालू गुप्ता उनके लिए खाना लेकर गए थे। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग उनसे नाराज हो गए और रंजिश रखने लगे।

रास्ते में रोककर की मारपीट

शुक्रवार को जब लालू गुप्ता गांव की गली से गुजर रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। पहले उनके साथ गाली-गलौज की गई और जब बुजुर्ग ने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्हें जबरन सड़क पर मुर्गा बनाकर अपमानित किया गया और सिर अपने पैरों पर रखवाकर माफी मांगने को मजबूर किया गया।

वीडियो में आरोपी यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि अगर बुजुर्ग ने दोबारा विरोधी पक्ष की मदद की तो उन्हें फिर से इसी तरह सजा दी जाएगी।

वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।