
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी फोटो सोर्स @mppankajchaudhary X account
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी रविवार को शाहजहांपुर पहुंचे। यहां उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा पहले जनता को पीडीए का सही मतलब स्पष्ट करे, क्योंकि वह बार-बार इसके अर्थ बदलती रहती है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने रविवार को शाहजहांपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सपा पीडीए के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन खुद यह तय नहीं कर पा रही कि पीडीए का मतलब आखिर है क्या। कभी पी का अर्थ बदल दिया जाता है। कभी डी और कभी ए का। पहले सपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह जनता से क्या कहना चाहती है।
पंकज चौधरी बरेली से लखनऊ जाते समय दोपहर में शाहजहांपुर पहुंचे थे। यहां उन्होंने सांसद अरुण सागर के आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, एमएलसी सुधीर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बुके भेंट कर अभिनंदन किया।
सपा द्वारा पीडीए पंचायतों के जरिए संगठन मजबूत करने के सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि सर्व समाज की पार्टी है। भाजपा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जनता अब जाति और भ्रम की राजनीति को समझ चुकी है। आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इससे पहले रविवार को ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बरेली पहुंचे थे। वहां उन्होंने भाजपा के दिवंगत विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत विधायक के पुत्र से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का भरोसा दिलाया। बरेली से लौटते समय ही उनका शाहजहांपुर आगमन हुआ। जहां उन्होंने पार्टी संगठन से जुड़े लोगों से संवाद किया।
Published on:
11 Jan 2026 06:51 pm
बड़ी खबरें
View Allशाहजहांपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग

