सिवनी. कुुरई थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे-44 पर रूखड़ के पास शुक्रवार की दोपहर नशे में धुत कंटेनर चालक ने खड़ी जीप को रौंद दिया। इसभीषण सडक़ हादसे में जीप में सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक काफी दूर से ही कंटेनर को अनियंत्रित गति से चला रहा था। कंटेनर के पीछे चल रहे एक कार चालक ने पूरी घटना की लाइव वीडियो भी बनाई है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर जबलपुर से कंटेनर नागपुर की तरफ जा रही थी। ट्रक को लखनऊ निवासी अजीत यादव (42) चला रहा था। वहीं सवारी भरी जीप सिवनी से खवासा जा रही थी। रूखड़ के पास जीप सवारी उतारने के लिए रूकी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कंटेनर ने खड़ी जीप में टक्कर मार दी। कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह जीप को रौंदते हुए आगे निकल गई। नशे में धुत चालक का तांडव यहीं तक नहीं रूका उसने आगे एक ट्रक को भी टक्कर मारा और भागने लगा। हालांकि पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ लिया। हादसे में जीप में सवार दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबूलेंस की मदद से जिला अस्पताल सिवनी में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक शराब के नशे में पाया गया है। हादसे में जीप में सवार खुर्सीवार छपारा निवासी रामकिशोर पिता शंभू बरमैया (50) एवं संतकुमार पिता सिरजलाल हरदिया (55) की मौत हो गई। वहीं प्रदीप राय (31), मीनाक्षी उइके (20), निलेश्वरी (18), अंजनी सिरसाम (26), शकील (45), सुरता खान (27), शकुन बाई (45) और सत्यवान कुमरे (21) घायल हुए हैं।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि चीख-पुकार मच गई। जीप के परखच्चे उड़ गए। फंसे लोगों को निकालने के लिए राहगीरों और पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद सडक़ पर जाम भी लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को सडक़ से एक तरफ किया। जिससे यातायात सुचारू रूप से चालू हो गया।
100 किमी तक मचाता रहा तांडव
बताया जाता है कि चालक अजीत ने लखनादौन में कंटेनर रोककर काफी शराब पी थी। इसके बाद वह कंटेनर लेकर नागपुर की तरफ निकला। लखनादौन से घटनास्थल की दूरी लगभग 100 किमी है। चालक नशे में धूत होकर कंटेनर अनियंत्रित गति से चलाता रहा। वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है कि किस तरह से वह नेशनल हाइवे पर तांडव मचा रहा है। कभी दाएं तो कभी बाएं कंटेनर को मोड़ रहा है। इस दौरान कई वाहनों से टकराते हुए भी बचा। इतनी दूरी में कहीं भी पुलिस ने कंटेनर को नहीं रोका। ऐसे में बड़ा हादसा हो गया।
Published on:
19 Jul 2025 10:46 am