3 अगस्त 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

बड़ी सौगात: MP में यहां 2000 करोड़ का निवेश, CM ने कहा- 1200 युवाओं को मिलेगा रोजगार और ग्रांट

mp news: सीहोर के बड़ियाखेड़ी में 2000 करोड़ के निवेश से छह नई इंडस्ट्रीज की नींव रखी गई। इससे 1200 युवाओं को रोजगार मिलेगा, कर्मचारियों को हर माह मिलेगा ₹5000-6000 अनुदान।

सीहोर

Akash Dewani

Aug 03, 2025

sehore badiyakhedi industrial area 2000 crore investment cm mohan yadav mp news
sehore badiyakhedi industrial area 2000 crore investment cm mohan yadav mp news (फोटो- सीएम मोहन यादव सोशल मीडिया)

mp news: सीहोर की इछावर विधानसभा के बड़ियाखेड़ी में 6 इंडस्ट्री के भूमिपूजन कार्यक्रम को मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा से पूछा- कितने करोड़ का भूमिपूजन हो रहा है करण सिंह जी, राजस्व मंत्री बोले-1450 करोड़ रुपए का, मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री की जानकारी को दुरुस्त करते हुए कहा कि आप थोड़ा कम जोड़ रहे हो, यह आंकड़ा मेरे हाथ में ही जो है 1532 करोड़ का है और उ‌द्योगपति अमरकौल जो जमीन मांग रहे हैं, उसे मिला लिया जाए दो 2000 करोड़ हो जाता है, बैठे-बैठे घाटा मत करो, यह बढ़ता जा रहा है, आपके ही विधानसभा में हो रहा है, लेकिन वे हिसाब नहीं रखते हैं।

राजस्व मंत्री ने समझाया बड़ियाखेड़ी का गणित

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) से पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि बड़ियाखेड़ी औ‌द्योगिक क्षेत्र के नाम में चंदेरी या जहांगीरपुरा भी जोड़ा जाए। बड़ियाखेड़ी औ‌द्योगिक क्षेत्र इछावर विधानसभा क्षेत्र में आता है, जबकि बड़ियाखेड़ी एक मोहल्ला है, जो सीहोर शहर के वार्ड क्रमांक एक का हिस्सा है, इसी के चलते बड़ियाखेड़ी औ‌द्योगिक क्षेत्र (badiyakhedi industrial area) सीहोर शहर का हिस्सा माना जाता है।

1200 लोगों को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में 6 औ‌द्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन किया। इनमें वान्यावेदा ग्रीन्स, बारमॉल्ट माल्टिंग इंडिया प्रालि, सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशन लि, श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 6 औ‌द्योगिक इकाइयों को आशय पत्र वितरित किए, जिनमें आरटीडीबी इंडस्ट्रीज, स्वाति सोनी, संजय कुमार, अमित मूंदड़ा, प्रकाश पैकेजिंग और आरना वेंचर्स शामिल हैं। इन इकाइयों से करीब 1200 लोगों को रोजगार मिलेगा।

मिलेगा अनुदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उ‌द्योगपतियों को हरसंभव सहयोग कर प्रदेश में उ‌द्योग लगाने को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की जरुरत ना हो। महिलाकर्मियों के लिए 10 साल तक 6000 रुपए प्रतिमाह और पुरुष कर्मियों के लिए 5000 रुपए मासिक अनुदान सरकार की ओर से उ‌द्योगपतियों को दिया जाएगा। स्थापित हो रहे उ‌द्योग विकास और रोजगार के केंद्र हैं।

सीहोर में लगेगा राज्य स्तरीय कृषि मेला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम यादव ने बताया कि सीहोर में 12 से 14 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय कृषि मेला आयोजित किया जाएगा। देशभर के उ‌द्योगपति, किसान और विशेषज्ञ शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश को कृषि और दुग्ध उत्पादन में देश में सर्वश्रेष्ठ बनाने के लक्ष्य के कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार प्रत्येक विकासखंड में एक वृंदावन ग्राम विकसित कर रही है। प्रदेश में श्री कृष्ण पथ विकसित करने की दिशा में भी कार्य जारी है।

सिंचाई का रकबा बढ़ा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कृषि सिंचाई का रकबा बढ़कर 52 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पर्यटन के क्षेत्रों में नवाचार किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की एयर एंबुलेंस योजना का देश के अन्य राज्य अनुसरण कर रहे हैं। गरीब जरूरतमंद परिवारों के लिए जिलों में शव वाहन भी उपलब्ध कराए गए हैं। किसान कल्याण और बहनों के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में विशेष योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है।

कार्यक्रम में ये भी थे शामिल

कार्यक्रम को जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर और विधायक सुदेश राय, उ‌द्योगपति अमरकौल, विशाल अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव, आष्टा विधायक गोपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना मेवाड़ा, पुष्पराज सिंह, शुभम खंडेलवाल, सीपी शर्मा, आयुष पाराशर, उ‌द्योग प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर बालागुरु के., एसपी दीपक कुमार शुक्ला आदि उपस्थित थे।