
आक्रोशित लोगों ने रास्ता किया जाम। फोटो- पत्रिका
सवाईमाधोपुर। कोड्याई गांव में मंगलवार दोपहर 60 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या और जेवरात लूट की सनसनीखेज वारदात को लेकर चला आंदोलन बुधवार शाम करीब छह बजे आठ सूत्री मांगों पर सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया। घटना के लगभग 26 घंटे बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए बौंली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
इससे पहले मंगलवार देर रात शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर लालसोट-सवाईमाधोपुर-कोटा मेगा हाईवे के जस्टाना बाइपास पर जाम लगा दिया गया था। रातभर बामनवास विधायक इंदिरा मीणा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण धरने पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर नारेबाजी की और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि मृतका कमला देवी मीणा मंगलवार को खेतों से जंगल की ओर बकरियां चराने गई थीं। उन्होंने करीब दो किलो चांदी और चार तोला सोने के जेवर पहन रखे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से उनके पैर काट दिए और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी जेवरात लूटकर फरार हो गए।
लंबी समझाइश के बाद विधायक इंदिरा मीणा की मौजूदगी में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच आठ मांगों पर सहमति बनी। इनमें आरोपियों की दस दिन में गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सहायता पैकेज और संविदा नौकरी शामिल है। इसके बाद शाम करीब छह बजे आंदोलन समाप्त किया गया। करीब 19 घंटे बाद हाईवे से जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। देर शाम युवा नेता नरेश मीना भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।
यह वीडियो भी देखें
विधायक इंदिरा मीणा ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने यह मामला विधानसभा में उठाया था, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि जाहीरा, सीतोड़ और अब कोड्याई-एक ही विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीन जघन्य हत्याएं हो चुकी हैं, फिर भी अपराधियों में कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। वहीं एसपी अनिल बेनीवाल ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
Updated on:
04 Feb 2026 08:30 pm
Published on:
04 Feb 2026 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
