सवाई माधोपुर, Jun 01, 2026

मृतका नेहा नायक। फोटो पत्रिका नेटवर्क
सवाईमाधोपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरदा लक्ष्मी विहार कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीहर पक्ष ने महिला थाने में पति, ससुर, सास, ननद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतका नेहा (24) पत्नी संजय नायक है। उसने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर पीहर पक्ष को सौंप दिया।
पुलिस ने बताया कि नेहा की शादी 22 अप्रैल 2023 को संजय नायक पुत्र ओम नायक निवासी खैरदा (सवाईमाधोपुर) के साथ हुई थी। शादी के दौरान पीहर पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। शादी के लगभग एक साल बाद नेहा ने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद से ही पति द्वारा फोन कर बाइक और कार की मांग की जाने लगी और नेहा पर लगातार दबाव बनाया जाता रहा।
नेहा के पिता का वर्ष 2005 में ही निधन हो चुका था। उसकी मां, छोटा भाई और तीन बहनें ननिहाल में रहकर जीवन यापन कर रही हैं। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति तलाक की बात करने लगा। पीहर पक्ष तलाक के लिए तैयार भी हो गया, लेकिन पति ने इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की।
बताया गया कि 30 मई की रात नेहा ने अपने भाई को फोन कर उसे अपने साथ ले जाने के लिए कहा। भाई ने सुबह आने का आश्वासन दिया। अगले दिन सुबह ससुर ने नेहा के ताऊ को फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी और जिला अस्पताल बुलाया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो नेहा मृत अवस्था में मिली।
महिला थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि मृतका के भाई की रिपोर्ट पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Published on: 01 Jun 2026 05:18 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।