Sawai Madhopur Road Accident: सवाईमाधोपुर जिले के बौंली उपखंड में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में मां-बेटी सहित चार महिलाओं की मौत हो गई। टायर फटने से बेकाबू हुए ट्रक ने पैदल चल रही महिला श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में अन्य दो महिलाएं घायल हो गईं। बारिश के चलते मोरेल बांध से ओवरफ्लो हो रहे पानी से बचने के लिए महिलाएं एक्सप्रेस-वे पर चढ़ गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वां ने बताया कि घटना दोपहर करीब 3:45 बजे की है। महिलाएं खुर्रा माताजी के दर्शन कर लौट रही थी। इस दौरान शार्टकट और मोरेल बांध से ओवरफ्लो हो रहे पानी से बचने के लिए वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चढ़ गईं। पापड़ा की ढाणी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजन को सौंप दिए। वहीं घायल महिला संगीता का इलाज लालसोट में चल रहा है। वहीं मंजू को जयपुर रैफर किया गया है।
हादसे में विजयपुरा निवासी लाली देवी (45) पत्नी रामभजन मीणा व उसकी बेटी चायना मीणा तथा चिमनपुरा की ढोली देवी (35) पत्नी ताराचंद उसकी देवरानी उगन्ती (30) पत्नी मोहर सिंह की मौत हुई है। वहीं संगीता (15) निवासी विजयपुरा और मंजू (15) निवासी चिमनपुरा घायल है।
पुलिस के अनुसार ये महिलाएं एक्सप्रेस-वे के किनारे चल रही थीं, लेकिन अचानक पीछे से आ रहे ट्रक का आगे का टायर फटने से ट्रक अनियंत्रित होकर रैलिंग की साइड में जा घुसा और किनारे पर चल रही ये महिलाएं हादसे का शिकार बन गई।
Published on:
07 Sept 2025 10:52 am